भारत और रूस के बीच युद्धाभ्यास अविन्द्रा शुरू हुआ
भारत और रूस की वायुसेना के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास अविन्द्रा सोमवार से जोधपुर एयरबेस पर शुरू हो गया।
जयपुर, जागरण संवाददाता। भारत और रूस की वायुसेना के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास "अविन्द्रा" सोमवार से जोधपुर एयरबेस पर शुरू हो गया। युद्धाभ्यास में रूस के वायु सैनिक भारत के विमान चलाएंगे और आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए युद्ध कौशल का परिचय देंगे ।
22 दिसंबर तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में वायु सैनिकों का हौसला बढ़ाने के लिए देश के वायु सेना प्रमुख बीएस धनोआ भी 19 दिसंबर को जोधपुर आएंगे। अविन्द्रा नाम का यह अभियान अद्वितीय होगा, क्योंकि रूस की वायुसेना अपना साजो सामान लेकर नहीं आई है और वह युद्धाभ्यास में भारतीय उपकरणों का इस्तेमाल करेगी। भारतीय वायुसेना द्वारा इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर लड़ाकू विमान रूसी मूल के ही है।
दोनों देशों की वायुसेनाएं आपसी तालमेल के महत्वपूर्ण स्तरों को छू चुकी है। गौरतलब है कि रूस रक्षा क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण साथी रहा है और दोनों के बीच सहयोग में बहुत बढोत्तरी हुई है।
पिछले साल अक्टूबर में भारत और रूस ने दस दिन के युद्धाभ्यास में भाग लिया था, जिसमें उनकी थलसेनाएं, नौसेनाएं और वायुसेनाएं शामिल हुई थी। इससे पहले दोनों देशों की तीनों सेनाओं ने रूस में युद्धाभ्यास ‘इंडर’ में भाग लिया था।