राजस्थान उपचुनाव में मुंह की खाएगी कांग्रेस: गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में चार सीटों पर होने जा रहे उप चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को देशभर में लोगों ने नकार दिया है।
जोधपुर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जनता ने राज्य की कांग्रेस सरकार को हृदय से निकाल दिया है। उनके मुताबिक, चार सीटों पर होने जा रहे उप चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे शेखावत ने गुरुवार को तकरीबन पांच घंटे जनसुनवाई की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को देशभर में लोगों ने नकार दिया है। राजस्थान में हुए जिला पंचायत और पालिका चुनावों में भी राज्य की जनता ने कांग्रेस सरकार को नकारा है। कांग्रेस द्वारा तमाम भ्रामक परिस्थितियां उत्पन्न करने के बावजूद राज्य की जनता ने भाजपा को एकतरफा बहुमत देकर विजयी बनाया। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि चार सीटों पर उप चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी।
जयपुर कार्यसमिति की बैठक पर शेखावत ने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जो चुनाव के लिए और चुनाव के समय ही काम नहीं करता। वर्षभर हर दिन हम सामाजिक सरोकारों के विषयों को लेकर काम करते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और सदस्यों का कार्यकर्ता के रूप में ट्रांसफॉर्मेशन सतत चलने वाली प्रक्रिया है। संगठन की शक्ति का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुजरात में नब्बे के दशक तक भाजपा तीसरे नंबर की पार्टी हुआ करती थी। 10-12 सीटें विधानसभा में आती थीं। जब वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संगठन के महामंत्री बने तो उन्होंने संगठनात्मक आधार पर पार्टी को खड़ा करना और चुनाव में जाना शुरू किया। उसी का परिणाम है कि भाजपा ने नगर पालिका और परिषद चुनाव में ऐतिहासिक नतीजे दिए हैं। शेखावत ने कहा कि कांग्रेस द्वारा तमाम भ्रांति फैलाए जाने के बावजूद, किसानों के विषयों को बिना वजह हवा देने और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को मुद्दा बनाने के बावजूद शहर व गांव की जनता ने गुजरात में एकतरफा परिणाम भाजपा के पक्ष में दिए।
मंत्री शेखावत ने पांच घंटे तक की जन सुनवाई
शेखावत ने जोधपुर प्रवास के दौरान गुरुवार को निवास स्थान पर आमजन से मुलाकात की। उन्होंने करीब पांच घंटे तक लोगों की समस्या जानी और निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों से बात कर निर्देश प्रदान किए।भाजपा संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि जोधपुर प्रवास के दौरान शेखावत ने निवास स्थान पर सुबह आठ बजे से मुलाकात कर जन सुनवाई की। इस दौरान संसदीय क्षेत्र से आए लोगों ने समस्या बताई। उन्होंने सभी से आत्मीयता से मुलाकात कर संबंधित अधिकारियो से निर्देश दिए। डू लिटल वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधि युवाओं व स्टूडेंट्स का प्रतिनिधि मंडल ने गर्मी के दिनों में चिड़ियाओं के लिए लगाए जाने वाले परिंदे के कार्यक्रम का शेखावत के हाथों शुभारंभ करवाया। शेखावत ने डू लिटिल की टीम के कार्यों की सराहना की तथा एक परिंदा अपने निवास के बाहर बांध मुहिम की शुरुआत की।
वाटर रिसोर्स मैनेजमेंट बुक का किया विमोचन
मंत्री शेखावत ने महिला पीजी महाविद्यालय के प्रोफेसर इतिहास विभाग के पुर्व अध्यक्ष डा एसपी व्यास द्वारा लिखित पुस्तक वाटर रिसॉर्स मैनेजमेंट बुक का विमोचन भी किया। इस दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मनोरमा उपाध्याय भी मौजूद रहीं। शेखावत ने पुस्तक पर हस्ताक्षर कर प्रो व्यास को भेंट की और जल स्त्रोत पर लिखी गई पुस्तक की सराहना की।