Move to Jagran APP

Love Jihad News: लव जिहाद पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने अशोक गहलोत को दी नसीहत

Love Jihad भाजपा शासित मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में लव जिहाद के खिलाफ लाए जाने वाले बिल को अशोक गहलोत ने गलत बताया है। उन्होंने लव जिहाद को भाजपा द्वारा निर्मित शब्द करार दिया। गहलोत के ट्वीट के जवाब में गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कांग्रेस पर सवाल उठाए।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Fri, 20 Nov 2020 04:25 PM (IST)Updated: Fri, 20 Nov 2020 08:30 PM (IST)
Love Jihad News: लव जिहाद पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने अशोक गहलोत को दी नसीहत
लव जिहाद पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने अशोक गहलोत को नसीहत दी। फाइल फोटो

जोधपुर, संवाद सूत्र। Love Jihad: राजस्थान में अब लव जिहाद पर राजनीति गरमाने लगी है। सीएम अशोक गहलोत के लव जिहाद संबंधी ट्वीट पर जोधपुर के सांसद व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पटवार किया है।भाजपा शासित मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में लव जिहाद के खिलाफ लाए जाने वाले बिल को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गलत बताया है। उन्होंने लव जिहाद को भाजपा द्वारा निर्मित शब्द करार दिया है। गहलोत के ट्वीट के जवाब में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने शुक्रवार को ट्वीट में लिखा कि लव जिहाद भाजपा द्वारा राष्ट्र को विभाजित करने और सांप्रदायिक सद्भावना को बिगाड़ने के लिए निर्मित शब्द है।

loksabha election banner

दूसरी ओर, जोधपुर के सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लव जिहाद को लेकर दिए बयान पर सवाल उठाए हैं। शेखावत ने ट्वीट किया कि प्रिय अशोक गहलोत जी, क्या हजारों युवतियों के साथ प्रेम और विवाह के नाम पर, नाम और धर्म बदल कर हो रहे धोखे को लव जिहाद नहीं कहेंगे? शुक्रवार को अपने सिलसिलेवार ट्वीट्स में शेखावत ने कहा कि शादी अगर व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है तो फिर महिलाएं अपने मायके का नाम या धर्म रखने के लिए स्वतंत्र क्यों नहीं हैं? क्यों लड़कियों के परिवारों को भी दूसरे धर्म को स्वीकार करने के लिए मजबूर किया जाता है? क्या धर्म व्यक्तिगत स्वतंत्रता की बात नहीं है?

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अशोक जी, चूंकि कांग्रेस व्यक्तिगत स्वतंत्रता की आड़ में इस कृत्य का समर्थन कर रही है तो क्या यह आपका नया सांप्रदायिक एजेंडा है? सत्ता लालच में हिंदू आतंकवाद जैसे शब्द गढ़ना, घृणा फैलाना इत्यादि सब कांग्रेस प्रधान कृत है। शेखावत ने कहा कि भाजपा, सबका साथ, सबका विकास में विश्वास रखती है, इसलिए हमारी महिलाएं लव जिहाद नाम के धोखे और अन्याय के अधीन नहीं होंगी।

जैसलमेर में शेखावत ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में किया प्रचार 

जोधपुर के सांसद व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को तड़के जोधपुर पहुंचे और इसके बाद सुबह जैसलमेर रवाना हो गए। केंद्रीय मंत्री जोधपुर संसदीय क्षेत्र के पोकरण विधानसभा पहुंचे और यहां पर पंचायतीराज चुनाव में भाग्य आजमा रहे भारतीय जनता पार्टी के जिला परिषद के पद के उम्मीदवारों के पक्ष में आधा दर्जन चुनावी बैठकों को संबोधित कर आमजन से भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह किया।

भाजपा मीडिया विभाग के अचलसिंह मेड़तिया ने बताया कि शेखावत गुरुवार रात दिल्ली से रात करीब नौ बजे जयपुर पहुंचे। जयपुर में एक बैठक में भाग लेने के बाद मंत्री शेखावत सड़क मार्ग से रात करीब तीन बजे जोधपुर पहुंचे। निवास स्थान पर विश्राम के बाद शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे जैसलमेर रवाना हो गए।

मार्ग में भाजपा के पदाधिकारियों और नेताओं व ग्रामीणों ने मंत्री शेखावत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री शेखावत पोकरण पहुंचे और बाद में जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सारदा के नेतृत्व में अनेक चुनावी बैठकों में भाग लिया। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री ने भाजपा प्रत्याषियों के पक्ष में अनेक चुनावी बैठकों को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले नोख में चुनावी बैठक में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया और इस दौरान कहा कि यह चनुाव गांव के विकास में अहम भागीदारी निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र  सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। इनका लाभ शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिला हैं। इसलिए हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करे, ताकि उनका लाभ जरूरतमंद को मिल सके।

इसके बाद मंत्री शेखावत ने मदासर, भारेवाला, मोहनगढ व नाचना छायण रामदेवरा में भाजपा प्रत्याषी के पक्ष में चुनावी संपर्क कर बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के जैसलमेर जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सारदा सहित अनेक पदाधिकारी व भाजपा नेता केंद्रीय मंत्री के साथ रहे। केंद्रीय मंत्री का 21 नवंबर को भी जैसलमेर प्रवास पर रहेगे। उनका चौक व सांकड़ा और फिर भैंसडा पहुंचकर चुनावी बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करने का कार्यक्रम है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.