अशोक गहलोत व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दोगे तो वैक्सीन पॉलिटिक्स की जरूरत नहीं पड़ेगी : शेखावत
Rajasthan Corona जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि गहलोत जी आप अगर व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर लगाएंगे तो वैक्सीन पॉलिटिक्स करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जोधपुर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एकबार फिर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि गहलोत जी आप अगर व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर लगाएंगे तो वैक्सीन पॉलिटिक्स करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि गहलोत जी, राज्य के अस्पतालों के हाल में सुधार क्यों नहीं किया? वेंटिलेटर तक शौचालय के पास मिले। वैक्सीन, ऑक्सीजन सब केंद्र की ओर से आए। हम तो आज भी राज्य की जनता के साथ खड़े हैं और आगे भी खड़े मिलेंगे। आप अपनी विफलता छुपाने की राजनीति में राज्य का नुकसान मत कीजिए।
शेखावत ने कहा कि गहलोत जी आप अगर व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर लगाएंगे तो वैक्सीन पॉलिटिक्स करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पहले दिन से आज तक गहलोत जी ने मूल काम छोड़कर आरोप गढ़ने में रुचि ली है। कोविड वैक्सीन की 11.5 लाख डोज़ बर्बाद करने के बाद कह रहे हैं कि वैक्सीन का इंतजाम नहीं हुआ।
स्थानीय सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रयासों से बने अटल कम्युनिटी कोविड रिलीफ सेंटर से स्वस्थ होकर कोरोना संक्रमित अब घर लौटने लगे हैं। शेखावत ने स्वस्थ होकर घर जा रहे लोगों की फोटो शेयर की। शेखावत ने फोटो शेयर करते हुए कहा कि रंजना सोनी और मोहनलाल बुद्ध पूर्णिमा के पावन दिन पर जोधपुर के अटल कम्युनिटी कोविड रिलीफ सेंटर से डिस्चार्ज हुए। दोनों कोरोना के खिलाफ जंग जीतकर आनंदित और उत्साहित दिखे।
उन्होंने मुझे और मेरी टीम समेत एम्स, जोधपुर के स्टाफ के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया और सेंटर की सुविधाओं को श्रेय दिया। मैं रंजना और मोहनलाल से कहना चाहूंगा कि यह जीत आपके विश्वास की है, हम आपकी जीत में सहभागी बने, यह हमारे लिए संतोषजनक है। कोरोना पर विजय की बधाई।