राजस्थान के धौलपुर में पुलिस की डाकुओं से मुठभेड़, पुलिसकर्मी घायल
फायरिंग में एक पुलिसकर्मी के गोली लग गई, उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में धौलपुर जिले के बाड़ी सदर इलाके में मंगलवार को तड़के पुलिस की दस्यु गिरोह से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गिरोह के सदस्यों व पुलिस के बीच फायरिंग हुई। फायरिंग में एक पुलिसकर्मी के गोली लग गई, उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धौलपुर सदर पुलिस थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मुठभेड़ सनोरा गांव के पास तड़के करीब पांच बजे हुई। पुलिस को मुखबीर से दस्यु गिरोह के इलाके में होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने उनकी धरपकड़ के लिए नाकाबंदी करवाई। नाकाबंदी के दौरान सनोरा गांव के पास पुलिस की दस्यु गिरोह रामविलास-केशर गुर्जर से मुठभेड़ हो गई। गिरोह के करीब 10 हथियारबंद सदस्य एक साथ थे।
दस्यु गिरोह ने पुलिस पर करीब 15 फायर किए, जवाब में पुलिस ने भी 18 फायर किए। फायरिंग में सिपाही धर्मवीर के गोली लग गई, उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान गिरोह के सदस्य मौके पर दो बाइक, तीन मोबाइल, कपड़े और दैनिक दिनचर्या का अन्य सामान वहीं छोड़ गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।