Rajasthan: जोधपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से सनसनी
Suicide In Jodhpur. जोधपुर के चौपासनी हाऊसिंग बोर्ड स्थित शंकर नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Suicide In Jodhpur. राजस्थान में जोधपुर के चौपासनी हाऊसिंग बोर्ड स्थित शंकर नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुत्र का शव फंदे से लटका मिला। संदेह है कि महिला की गला घोंटकर हत्या के बाद पति ने भी फंदा लगा लिया। परिवार का मुखिया राजेन्द्र सुथार हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में ठेकेदार बताया गया है। प्रथम दृष्ट्या फिलहाल आरंभिक वजह पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी ही सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी इस संबंध में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एसीपी प्रतापनगर वृत्त नीरज शर्मा ने बताया कि चौपासनी हाऊसिंग बोर्ड शंकर डी सेक्टर में 50 साल के राजेंद्र सुथार हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में ठेके लेने का काम करता था। वह अपनी पत्नी इंद्रा, 25 साल के पुत्र नितिन के साथ इस मकान में किराए पर रहता था। शुक्रवार सुबह दस बजे नितिन के दोस्तों ने उसे फोन किया था। मगर फोन नहीं उठाने और जवाब नहीं मिलने पर वे घर पर आ गए। घर के अंदर से दरवाजा बंद मिला। इस पर एक दोस्त ने खिड़की से झांक कर देखा तो नितिन बेड पर पड़ा था। दोस्त फोन लगाते रहे, तब भी जवाब नहीं मिला। इस पर दोस्तों ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया।
तब नितिन के पलंग से लेटे होने के साथ उसके गले में फंदा दिखा। पास में ही आरी रखी हुई थी। नितिन के गले में साड़ी का फंदा मिला है। वहीं, दूसरे कमरे से टीवी चलने की आवाज आ रही थी। तब दोस्तों ने वहां जाकर देखा की नितिन की मां इंद्रा वह भी बेड पर पड़ी थी और चादर ढकी हुई थी। पास में ही उसके पिता राजेंद्र सुथार कपड़े से फंदा लगाए हुए थे। घटना को देखते ही दोस्तों ने आसपास के लोगों के अलावा पुलिस को सूचना दी। इस पर एडीसीपी पश्चिम उमेश कुमार ओझा, एसीपी नीरज शर्मा, चौहाबो थानाधिकारी गोविंद व्यास, एसआई हिंगलाजदान आदि वहां पहुंचे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, वीरवार रात पूरे परिवार को सभी ने देखा था, सभी खुश दिख रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम उमेश कुमार ओझा ने बताया कि राजेंद्र शायद कम पढ़ा-लिखा था। उसने सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें कर्ज और ब्याज से परेशान होने का जिक्र किया गया है। मगर वह ज्यादा कुछ नहीं लिख पाए है। आर्थिक तंगी की परेशानी भी वजह रही होगी। एक कमरे में नितिन का शव पड़ा था। तो दूसरे कमरें में राजेंद्र सुथार व नितिन की मां इंद्रा का शव था। पलंग के पास में ही एक टीवी चल रही थी। इंद्रा का गला घोंटने के बाद राजेंद्र ने भी सुसाइड किया। डीसीपी वेस्ट प्रीति चंद्रा के अनुसार, प्रारंभिक जांच के अनुसार नितिन ने पहले सुसाइड किया है। तब उसे फंदे से उतार कर बेड पर लिटा दिया गया। बेड के पास में ही आरी मिली है। इससे फंदा काटा गया है। संभवत: उसके पिता राजेंद्र ने यह किया होगा। इसके बाद नितिन का शव दूसरे कमरे में बेड पर मिला है और उसकी लाश चादर से ढकी हुई थी। इस बेड के पास में ही राजेंद्र सुथार ने कपड़े से फंदा बनाकर आत्महत्या की है। डीसीपी वेस्ट प्रीति चंद्रा के अनुसार, पारिवारिक कलह ही आशंका हो सकती है। अभी इस बारे में जांच चल रही है।