Move to Jagran APP

Rajasthan: कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को डकैत जगन सिंह गुर्जर ने दी जान से मारने की धमकी

Rajasthan कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को कुख्यात डकैत जगन सिंह गुर्जर ने जान से मारने की धमकी दी है। मलिंगा धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा सीट से विधायक हैं। गुर्जर भी धौलपुर का ही रहने वाला है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sun, 23 Jan 2022 05:52 PM (IST)Updated: Sun, 23 Jan 2022 05:52 PM (IST)
Rajasthan: कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को डकैत जगन सिंह गुर्जर ने दी जान से मारने की धमकी
राजस्थान में कांग्रेस विधायक को डकैत जगन सिंह ने दी जान से मारने की धमकी। फाइल फोटो

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को कुख्यात डकैत जगन सिंह गुर्जर ने जान से मारने की धमकी दी है। मलिंगा धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा सीट से विधायक हैं। गुर्जर भी धौलपुर का ही रहने वाला है। डकैती के आरोप में कई बार जेल जा चुका जगन सिंह फिलहाल फरार है। दरअसल, जगन सिंह का शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने मलिंगा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी थी। वीडियो में उसे यह भी कहते हुए दिखाया गया है कि मलिंगा अगला चुनाव नहीं जीत सकता है। उसने कहा कि विधायक उसके खिलाफ जबरन राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासूका) लगवाना चाहते हैं। वीडियो में जगन गुर्जर धौलपुर के पूर्व पुलिस अधीक्षक केसर सिंह के बारे में भी अपशब्द कहता हुआ दिखाई दे रहा है। इस बीच, रविवार को विधायक के समर्थकों ने जगन सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सैपऊ उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन दिया है। विधायक के समर्थकों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक के समर्थकों ने कहा कि यदि दस दिन में जगन सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो बड़े स्तर पर आन्दोलन किया जाएगा।

loksabha election banner

मलिंगा बोले, मैं धमकी से नहीं डरता

विधायक मलिंगा ने कहा कि मैं किसी धमकी से नहीं डरता हूं। उसकी बंदूक से गोली निकलती है तो मेरी बंदूक से भी पानी नहीं निकलता है। उन्होंने कहा कि डकैत पर मध्य प्रदेश के भाजपा नेता और पूर्व मंत्री एदल सिंह कसाना और राजस्थान के पूर्व विधायक जसवंत सिंह का हाथ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दो मिनट से ज्यादा के वीडियो के बारे में पूरी जानकारी मिल गई है। अब वह कार्रवाई करेंगे। गहलोत के पास गृह विभाग का जिम्मा है।

पुलिस अधीक्षक बोले, गिरफ्तारी की कोशिश जारी

धौलपुर के पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा ने वीडियो वायरल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि जगन गुर्जर को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो मध्य प्रदेश के अज्ञात स्थान से वायरल किया गया है। उल्लेखनीय है कि जगन गुर्जर ने तत्कालीन मुख्यमंत्री और पूर्व राजपरिवार की सदस्या वसुंधरा राजे के धौलपुर स्थित महल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। डकैती के मामलों में जगन सिंह कई बार जेल जा चुका है। साल, 2019 में उसने आत्मसर्पण किया था, लेकिन फिर वह मारपीट व डकैती की वारदात करने लगा था। जुलाई, 2021 में उसे धौलपुर जिले के इब्राहिमपुर व बाड़ी में फायरिंग के बाद गिरफ्तार किया गया था। उसे जेल भेज दिया गया। दिसंबर, 2021 में वह जमानत पर छूटा गया। जमानत पर छूटने के बाद वह एक घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था। फरारी के दौरान ही उसने वीडियो वायरल कर विधायक व पुलिस अधीक्षक को धमकी दी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.