Road Accident In Jhalawar: नदी में गिरी कार, सेना के जवान सहित पत्नी व बेटे की मौत
Road Accident In Jhalawar. नदी में कार गिरने से सेना के जवान सहित पत्नी व बेटे की मौत हो गई।
कोटा (राजस्थान), प्रेट्र। Road Accident In Jhalawar. राजस्थान के झालावाड़ जिले में चंबल नदी में कार गिरने से सेना के जवान, उसकी पत्नी व दस माह के बेटे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा अंतरराज्यीय राजमार्ग के चौमहला-मंदसौर मार्ग पर गंगाधर क्षेत्र में पुल पर बुधवार रात को हुआ। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान तूफान सिंह (25), उनकी पत्नी सीमा कंवर (23) और उनके 10 महीने के लड़के के रूप में की गई है। ये लोग मध्य प्रदेश के नीमच जिले के निवासी थे।
यह परिवार राजस्थान की सीमा से लगे एमपी के राजगढ़ जिले में एक मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी निजी कार में नीमच जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, रात नौ बजे के करीब कार 60 फीट ऊंचे ओवरब्रिज से चंबल नदी में गिर गई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने तीनों के शवों को बरामद किया। शवों को गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया और आगे की जांच के लिए इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान के बूंदी जिले के कापरेन में तेज गति से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। हादसे में ट्रॉली में सवार दो बच्चों की मौत हो गई। यह ट्रैक्टर बच्चों का पिता ही चला रहा था। हादसे के बाद पिता बच्चों को लेकर अस्पताल भागा, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की मौत हो गई थी। बच्चों की मां ने अपने पति पर ही लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर बच्चों की जान लेने का केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि फतेहसिंह अपने दोनों बेटों गणेश (4) व श्याम (8) को सुबह 8.30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर बोरदा रोड स्थित खेत से कापरेन की ओर जा रहा था। उसकी गति काफी तेज थी। इसी बीच, उसने कोटा रोड बाईपास पर ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतार दिया। तेज रफ्तार के कारण ट्रॉली पलट गई। उसके नीचे दबने से दोनों मासूमों की मौत हो गई। अब घर में एक साल की बालिका बची है।
फतेह सिंह स्थानीय सुरेश नागर के यहां हाली का काम करता था। 10 साल पहले उसकी शादी हुई थी। दोनों बच्चे स्कूल की छुट्टियों के कारण घर पर ही थे, जिन्हें सुबह वह अपने साथ ले गया। सुबह दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव मोर्चरी में रखवाए। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। पत्नी कविता की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया था।