राजस्थान में सर्वे से उत्साहित कांग्रेस ने शुरू की चुनावी तैयारी
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे के मुताबिक, विधानसभा चुनाव कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम पर लड़ा जाएगा।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता से बाहर हो चुकी कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों को लेकर हाल ही में सर्वे कराया है। इस सर्वे में आए परिणाम से कांग्रेसी दिग्गज उत्साहित हैं।
कांग्रेस द्वारा करवाए गए सर्वे में सामने आया कि भाजपा के वर्तमान 158 विधायकों में से 60 फीसदी विधायकों के खिलाफ एंटी इंकंबेंसी फैक्टर काम कर रहा है। कांग्रेस ने भाजपा की वर्तमान स्थिति, पार्टी के संभावित उम्मीदवारों, चुनावी मुद्दों के साथ ही कार्यकर्ताओं की प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के प्रति सोच को लेकर सर्वे कराया था। इस सर्वे में प्रत्येक विधानसभा सीट पर दो से तीन संभावित प्रत्याशियों के नामों के पैनल तैयार कराए गए है।
सर्वे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट दोनों को ही प्रदेश का नेता बताते हुए कहा कि चाहे जातिगत समीकरण कुछ भी रहे, लेकिन गहलोत और पायलट की संयुक्त अगुवाई में ही चुनाव लड़ा जाना चाहिए। कार्यकर्ता इन दोनों नेताओं में से किसी एक को मुख्यमंत्री का चेहरा मानते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे ने "दैनिक जागरण" को बताया कि सर्वे प्रत्येक स्तर पर कराया जा रहा है। इस सर्वे में चुनाव अभियान और संगठन को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम पर लड़ा जाएगा। प्रदेश में किसी नेता को सीएम पद का चेहरा घोषित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन को लेकर कराए गए सर्वे में मिले फीडबैक के आधार पर प्रदेश की सभी 400 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में अध्यक्षों की नियुक्ति रविवार को कर दी गई है। अब जिला कांग्रेस कमेटियों में बदलाव होगा, निष्क्रिय पदाधिकारियों को पदों से हटाकर युवा एवं सक्रिय लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी। ब्लॉक और जिला कांग्रेस कमेटियों में वर्तमान पदाधिकारियों के कामकाज का आंकलन कराया गया है।
इस आंकलन में खरे नहीं उतरने वाले नेताओं को पदों से हटाकर काम करने वाले नेताओं को पदाधिकारी बनाए जाने का निर्णय किय गया है। पांडे ने बताया कि पार्टी के अग्रिम संगठन युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल को 3 माह के कार्यक्रमों का प्लॉन दिया गया है।
अग्रिम संगठनों को ब्लॉक और जिला स्तर पर तय प्लॉन के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करते हुए नए लोगों को संगठन से जोड़ा होगा। जानकारी के अनुसार, सर्वे में सचिन पायलट की अगुवाई में नए मतदाताओं को जोड़ने की बात तो सामने आई, लेकिन बड़े नेताओं का उन्हें सहयोग नहीं मिलने की बात भी कार्यकर्ताओं ने कही।
मृतक को बना दिया ब्लॉक अध्यक्ष
चुनाव की तैयरियों में जुटे कांग्रेस नेतृत्व ने रविवार को प्रदेश में 400 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी। इनमें से बीकानेर शहर के डी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में अध्यक्ष पद पर विजय आचार्य को नियुक्त कर दिया गया, जबकि आचार्य की मौत गत फरवरी माह में ही हो चुकी है। सूची जारी होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ तो अब नए अध्यक्ष को लेकर कसरत शुरू हुई है।