मोदी, वसुंधरा व गहलोत को लेकर नटवर सिंह के बेटे का विवादित बयान
BSP. राजस्थान में रामगढ़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी जगत सिंह को एक वीडियो में यह कहते हुए दिखाया गया है कि मैं एक-एक पत्थर का जवाब एक -47 से दूंगा।
जागरण संवाददाता, जयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के बेटे और राजस्थान में रामगढ़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी जगत सिंह ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बारे में कहा, 'आ जाओ, पेटी पैक करके भेजूंगा।' उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जगत सिंह को भीड़ के बीच में यह कहते हुए भी दिखाया गया है कि मैं एक-एक पत्थर का जवाब एके-47 से दूंगा।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान रामगढ़ सीट पर बसपा प्रत्याशी की मौत होने पर चुनाव रद हो गया था। अब 28 जनवरी को इस सीट पर चुनाव होना है। बसपा ने यहां पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के बेटे जगत सिंह को टिकट दिया है। जगत सिंह पिछली विधानसभा में भाजपा से विधायक थे, लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। बसपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद जगत सिंह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था।
इस दौरान उन्होंने एक किस्से का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं पीछे नहीं हटूंगा। गोली चलेगी तो पहली गोली मेरे सीने पर चलेगी। पत्थर का जवाब एके-47 से दूंगा मैं। आ जाओ अशोक जी, आ जाओ मोदी जी, आ जाओ वसुंधरा जी, सबको पेटी पैक करके भेजूंगा। इस दौरान बनाया गया जगत सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।