Ashok Gehlot: सीएम अशोक गहलोत अजमेर को देंगे संस्कृत महाविद्यालय की सौगात
CM Ashok Gehlot. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे को देखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
अजमेर, संवाद सूत्र। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को अजमेर पहुंचेंगे। वह यहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे को देखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को देखते हुए हुए जिले भर में लगाई गई निषेधाज्ञा हटा ली गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे को ध्यान में रखते हुए जिले में कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। शहर में कड़ी चौकसी की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जवाहर रंगमंच पर आयोजित पं. जवाहर लाल नेहरू जयंती के उपलक्ष्य में बाल अधिकार सप्ताह के तहत बाल संगम कार्यक्रम में भाग लेंगे। उसके बाद अशोक गहलोत आजाद पार्क जाएंगे। वहां शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंचशील के नवीन भवन एवं राजकीय आचार्य संस्कृत महाविद्यालय लोहागल ग्राम के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
पांच करोड़ की राशि से निर्मित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंचशील का निर्माण कार्य पूरा हो गया। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण 3000 वर्गमीटर भूमि में किया गया। इसमें फेमिली वेलफेयर रूम, होम्योपैथिक रूम, आयुर्वेद रूम, जनरल स्टोर, अकाउंट रूम, ऑफिस रूम, मेडिसिन स्टोर, लॉबी और रैंप का निर्माण किया गया। इस भवन के लोकार्पण से पंचशील व इसके आस-पास के क्षेत्र की लगभग डेढ़ लाख की आबादी को चिकित्सा संबंधी समस्त सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होगी।
आचार्य संस्कृत महाविद्यालय का निर्माण पांच बीघा भूमि पर चार करोड़ 14 लाख 76 हजार रुपये की राशि से कराया गया है। इसमें 11 कमरें, लॉबी, कंप्यूटर रूम, प्राचार्य रूम, उपाचार्य कक्ष, दो कॉमन रूम, दो ऑफिस रूम, एक संस्थापन रूम, पुस्तकालय, शौचालय, चौकीदार रूम, पार्किंग सहित अन्य निर्माण कार्य किया गया है। भवन पर सौर पावर सिस्टम भी लगाया जा रहा है। इस महाविद्यालय का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे।