Rajasthan: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज
Rajasthan कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक जुबेर खान पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने वालों ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर आम रास्ते पर गेट लगा दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि जुबेर खान ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक जुबेर खान के खिलाफ अलवर के अरावली पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ है। जुबेर खान के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने वालों ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर आम रास्ते पर गेट लगा दिया। रामगढ़ क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि जुबेर खान ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। शिकायतकर्ता पिछले साल इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत करने पहुंचा। वहां से राहत नहीं मिलने पर स्थानीय कोर्ट में याचिका दायर की गई। कोर्ट ने आठ जून, 2021 को आम रास्ता खोलने और पक्का निर्माण कार्य करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने जुबेर खान को पाबंद भी किया था। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस महानिरीक्षक ने अरावली पुलिस थाने को शिकायतकर्ता की तरफ से मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे।
इस पर पुलिसकर्मियों ने जुबेर खान और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। अब एक नई शिकायत दर्ज हुई है। इसके अनुसार दो दिन पहले शनिवार को फिर जुबेर खान और उसके आधा दर्जन साथियों ने रास्ते को बंद कर के गेट लगा दिया। इस दौरान स्थानीय निवासी राजेश गुप्ता व अन्य ने जुबेर खान को रोकने का प्रयास किया। इस पर जुबेर खान और उसके साथियों ने गुप्ता को जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार किया। इस पर गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुप्ता ने पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को पिछले शिकायत करते हुए पिछले साल कोर्ट के आदेश की प्रति भेजी। इसके बाद जुबेर खान और आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। गुप्ता और आसपास के अन्य लोगों ने कोर्ट में फिर याचिका दायर करने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि जुबेर खान की पत्नी साफिया वर्तमान में कांग्रेस विधायक है। जुबेर खान उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव हैं। इस बारे में जुबेर खान से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।