Rajasthan: जयपुर की महापौर सौम्या गुर्जर के खिलाफ मामला कोर्ट में पहुंचा
Rajasthan जयपुर की महापौर सौम्या गुर्जर करीब तीन सप्ताह पूर्व ही भाजपा के टिकट पर चुनाव जीती थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पिंकी यादव को हराया था। पिंकी यादव ने वकील ए.के.जैन के माध्यम से कोर्ट में याचिका पेश की।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: जयपुर ग्रेटर की नव निर्वाचित महापौर सौम्या गुर्जर के निर्वाचन के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर हुई है। जयपुर जिला न्यायालय महानगर,प्रथम के न्यायाधीश उमाशंकर व्यास ने याचिका स्वीकारते हुए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और महापौर को नोटिस दिया है। इस मामले में सात जनवरी को अगली सुनवाई होगी। सौम्या गुर्जर करीब तीन सप्ताह पूर्व ही भाजपा के टिकट पर चुनाव जीती थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पिंकी यादव को हराया था। पिंकी यादव ने वकील एके जैन के माध्यम से कोर्ट में याचिका पेश की। जैन ने बताया कि शनिवार को कोर्ट में हमारी याचिका को स्वीकार कर लिया गया, पक्ष भी सुना गया। न्यायाधीश ने महापौर, जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचन अधिकारी को नोटिस जारी किए हैं। उन्हें अगली सुनवाई के दिन सात जनवरी को तलब किया गया है।
जयपुर ग्रेटर नगर निगम के वार्ड संख्या 87 से पार्षद बनी मौम्या गुर्जर पर आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने पार्षद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया तो उनका नाम करौली जिले के ग्राम देवरी की मतदाता सूची में दर्ज था। इसी दौरान उन्होंने जयपुर की वोटर लिस्ट में भी अपना नाम लिखवाया। पार्षद का चुनाव जीतने के बाद सौम्या गुर्जर ने महापौर पद के लिए नामांकन-पत्र दाखिल किया तो जयपुर की वोटरलिस्ट की प्रति पेश की गई। नियमों के अनुसार, कोई भी प्रत्याशी नगर पालिका अथवा नगर निगम का चुनाव तभी लड़ सकता है,जब वह उस क्षेत्र का मतदाता हो। अगर दो अलग-अलग शहरों की मतदाता सूची में नाम है तो उसे चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य ठहराया जा सकता है। याचिका में महापौर का निर्वाचन रद करने का आग्रह किया गया है।
गौरतलब है कि इस बार जोधपुर के दोनों नगर निगमों में अब महिलाओं का राज हो गया है। निगम उत्तर व दक्षिण में महिला महापौर काबिज हो गई हैं। उत्तर में कांग्रेस की कुंती परिहार (देवड़ा) और दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ महापौर बन गईं। दक्षिण में भाजपा की वनिता सेठ को 80 में से 45 मत मिले। वहीं, कांग्रेस की पूजा पारीक को 35 मत मिले। यहां त्रिकोणीय मुकाबला बनाने वाली निर्दलीय प्रत्याशी हेमलता परिहार ने खुद को ही वोट नहीं दिया। दक्षिण नगर निगम में महापौर मतदान में भाजपा में एक क्रॉस वोट भी हुआ। उधर, उत्तर में कांग्रेस की कुंती परिहार (देवड़ा) महापौर बन गईं। कुंती परिहार को 61 मत मिले, वहीं भाजपा की संगीता को 19 मत मिले। जोधपुर नगर निगम में एक बोर्ड कांग्रेस का तो दूसरा बोर्ड भाजपा का बना हैं। दोनों को गत माह महापौर बनने के बाद पद की शपथ दिलाई गई थी।