बसपा जिलाध्यक्ष दस साल पुराने मामले में गिरफ्तार, भेजा जेल
प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने बहुजन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शंकरलाल कुमावत को छोटी सादड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित दस साल पुराने मामले में दोषी था।
उदयपुर, जेएनएन। प्रतापगढ़ थाना पुलिस ने बहुजन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शंकरलाल कुमावत को छोटी सादड़ी से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित दस साल पुराने मामले में दोषी था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थायी वारंट से तलब शंकरलाल कुमावत को छोटी सादड़ी की होटल लक्ष्मी पैलेस से गिरफ्तार कर लिया गया।
अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शंकरलाल कुमावत के
खिलाफ छोटी सादड़ी में दस साल पूर्व हाईवे जाम करने का आरोप है और पिछले दस साल से वह फरार था।
अपहरण और दुष्कर्म के दोषी को दस साल की कठोर कैद
चित्तौड़गढ़ की विशेष अदालत ने डेढ़ साल पहले एक नाबालिग का अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म मामले में अभियुक्त को दोषी ठहराया है। बुधवार को सुनाए फैसले में उसे दस साल के कठोर कारावास की सजा दी है और अठारह हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
अभियोजन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल सागर थाने में पीड़िता के पिता गांव के भैरूलाल पुत्र लादूलाल भील के खिलाफ उसकी नाबालिग बेटी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म का मामला डेढ़ साल पहले दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित और उसकी बेटी को उदयपुर की एक होटल से पकड़ा था। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए अदालत में बयान दिए। जिस पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म एवं अपहरण की धाराओं में चालान पेश किया।
पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर सोलह गवाह और दो दर्जन से अधिक दस्तावेज प्रस्तुत किए। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपित को दोषी माना तथा विभिन्न धाराओं में दस साल की कड़ी कैद के साथ अठारह हजार रुपये का जुर्माना लगाया।