Rajasthan: भाजपा का नया नारा-सुशासन का संकल्प, भाजपा ही विकल्प
भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को भाजपा ने सुशासन दिवस के रूप में सुशासन का संकल्प भाजपा ही विकल्प के नारे के साथ मनाया।
जयपुर, ब्यूरो। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को भाजपा ने सुशासन दिवस के रूप में 'सुशासन का संकल्प भाजपा ही विकल्प" के नारे के साथ मनाया। इस मौके पर राजस्थान भाजपा मुख्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने अटल को याद तो किया, लेकिन चुनाव की हार और लोकसभा की तैयारी भी कार्यक्रम में छाए रहे। विधायक और विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं को स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव भाजपा अपनी गलतियों से हारी। उनके अनुसार भाजपा को एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाना चाहिए और सरकार की नाक में नकेल डाल कर जनता के विकास से जुड़े काम करवाना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा ने कहा कि भाजपा भले ही चुनाव हारी हो लेकिन कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी है। आम कार्यकर्ता आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अभी से ही जुट जाएं, जिससे देश की कमान वापस मोदी के हाथ में ही जाए।