REET 2021: भाजपा ने शिक्षक भर्ती परीक्षा मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की
REET 2021 राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पेपर लीक मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। पूनिया ने कहा कि सरकारी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से पेपर लीक होना बड़ी घटना है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान शिक्षक पात्रता भर्ती (रीट) परीक्षा के पेपर लीक होने को लेकर विवाद जारी है। इस मामले में भाजपा ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पेपर लीक मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। पूनिया ने कहा कि सरकारी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से पेपर लीक होना बड़ी घटना है। इस मामले के लिए शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि या तो डोटासरा को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर डोटासरा इस्तीफा नहीं देते हैं तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। बृहस्पतिवार को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए पूनिया ने कहा कि रीट का पेपर 8:30 बजे ही लीक हो गया, जबकि परीक्षा 10 बजे शुरू होनी थी।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार पेपर लीक होने से इन्कार करती है। वहीं, दूसरी तरफ इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे साफ होता है कि पेपर लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि अब तक जितनी भी परीक्षा राज्य लोकसेवा आयोग ने कराई है, उन सभी में पेपर लीक हुआ है। पूनिया ने बताया कि पेपर लीक मामले में युवा मोर्चा की तरफ से जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चप्पलों में डिवाइस लगाकर नकल कराने का आविष्कार कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संरक्षण वाली गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुआ है। भाजपा विधायक दल के नेता गुलाब चंद कटारिया ने भी डोटासरा ने इस्तीफा मांगा है।
31 हजार खाली पदों के लिए 25 लाख ने दी थी परीक्षा
उधर, एकीकृत बेरोजगार संघ के अध्यक्ष उपेन यादव को बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस ने हिरासत में लिया। करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। यादव ने पेपर लीक मामले में बृहस्पतिवार को आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। उल्लेखनीय है कि 31 हजार शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती के लिए 26 सितंबर को रीट की परीक्षा हुई थी। इस परीक्षा में करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के दिन ही सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में पुलिस के दो कांस्टेबलों के पास सुबह 8:30 बजे ही पेपर पहुंच गया था, जबकि परीक्षा 10 बजे शुरू होनी थी। इन दोनों कांस्टेबल की पत्नी परीक्षा दे रही थी।