अलवर में मजदूर और फैक्ट्री प्रबंधन के कर्मचारी भिड़े, कई घायल
Beating in alwar. राजस्थान के अलवर में कंपनी के मजदूरों और प्रबंधन के कर्मचारियों के बीच झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में अलवर के नीमराणा औधोगिक क्षेत्र के जापानी जोन में मंगलवार को डाइकिन एयर कंडीशनिंग कंपनी के मजदूरों और प्रबंधन के कर्मचारियों के बीच झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। विवाद के बाद मजदूर और प्रबंधन के कर्मचारी आपस में भिड़ गए। विवाद इतना ज्यादा बढ़ा कि कर्मचारियों ने कंपनी कार्यालय पर जबरदस्त पथराव कर दिया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज और बाद में हवाई फायर किए। उपद्रव में नीमराणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी और बहरोड़ उप अधीक्षक कुशाल सिंह सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिला कलक्टर भी नीमराणा पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, कंपनी के हजारों मजदूरों की ओर से मजदूर अधिकार रैली निकालकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान मजदूरों और प्रबंधन के कर्मचारियों में फैक्ट्री में मजदूर यूनियन का झंडा लगाने को लेकर विवाद हो गया और वे आपस में भिड़ गए। इस पर मजदूरों ने कंपनी कार्यालय में तोड़फोड़ करना शुरू कर पथराव भी कर दिया। इस पर वहां तैनात पुलिस ने पहले लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन मामला अनियंत्रित होता देखकर हवाई फायर किए।