Rajasthan: जीजा ने पैसे नहीं दिए तो भांजों को लहूलुहान कर खुद भी जान देने की कोशिश की
Attempted suicide. राजस्थान के कोटा में जीजा ने देने से मना कर दिया तो एक युवक ने भांजों पर हमला कर आत्महत्या की कोशिश की।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। Attempted suicide. राजस्थान के कोटा में एक युवक ने तीस हजार रुपये के लिए अपने सगे भांजों की जान लेने की कोशिश की। युवक ने अपने जीजा से तीस हजार रुपये मांगे थे। जीजा ने देने से मना कर दिया तो उसने भांजों का गला रेत दिया। इसके बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश भी की। अभी तीनों अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित गौरव बिहार में छपरा का रहने वाला है, वह दिल्ली में कैब चलाता है। उसके जीजा नीरज सिंह जो कि सेना में सिपाही हैं, ने पिछले दिनों एक कार खरीदी थी। इसे गौरव और उसका भाई चड़ीगढ़ से कोटा लेकर आए थे। गौरव ने नीरज से पिछले दिनों काम करने के लिए कुछ रुपये मांगे तो नीरज ने उसे दस हजार रुपये दे दिया। बाद में गौरव ने 30 हजार रुपये और मांगे तो नीरज ने पैसे देने से मना कर दिया। जिन भांजों पर हमला किया गया, उनमें से एक पांच और दूसरा सिर्फ दो साल का है।
पुलिस ने बताया कि गौरव के इरादों को उसके पांच साल के भांजे ने ही नाकाम किया। गौरव ने दोनों भांजों निकुंज और क्यान पर हमला करने के पहले घर का गेट बंद कर लिया था। गौरव ने पहले निकुंज पर हमला किया और उसे मरा समझ कर क्यान पर हमला कर दिया। इसी दौरान खून से लथपथ 5 साल के निकुंज ने बहादुरी दिखाई और गेट खोल कर शोर मचा दिया।
शोर सुनकर उसकी मां और पड़ोसी वहां आ गए। भीड़ देखकर आरोपित गौरव ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और अपना गला काटकर जान देने का प्रयास किया। नाकाम रहा तो पंखे से भी लटकने का प्रयास किया। इसी दौरान आर्मी के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गेट तोड़कर गौरव को हिरासत में लिया। अभी तीनों अस्पताल में भर्ती है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।