Rajasthan: अजमेर में ख्वाजा के उर्स में सोनिया गांधी की ओर से अशोक गहलोत ने पेश की चादर
Rajasthan कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर से भेजी गई चादर लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोपहर अजमेर पहुंचे। उन्होंने ख्वाजा की दरगाह पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से चादर चढ़ाई।
अजमेर, संवाद सूत्र। Rajasthan: अजमेर में ख्वाजा के छह दिवसीय सालाना उर्स का 18 फरवरी को अंतिम दिन रहा। गुरुवार को ख्वाजा साहब की मजार शरीफ पर बसंत भी पेश किया गया। उर्स की रस्मों के मुताबिक रात को दरगाह दीवान जैनुल ओबेदीन की सदारत में महफिल होगी और कुल की रस्म शुरू हो जाएगी। इसी के साथ कुल की रस्म में भाग लेने के बाद जायरीन का अजमेर से लौटना शुरू हो जाएगा। यही वजह रही कि 18 फरवरी को अजमेर में जायरीन की भीड़ देखी गई। कायड़ स्थित विश्राम स्थली से लेकर ख्वाजा की दरगाह तक जायरीन से खचाखच भरी हुई थी। जायरीन की भीड़ के बीच ही देश के वीआईपी व्यक्तियों की ओर से भेजी गई चादरें सूफी परंपरा के अनुरूप मजार शरीफ पर पेश की गई।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर से भेजी गई चादर लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोपहर अजमेर पहुंचे। उन्होंने ख्वाजा की दरगाह पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से चादर चढ़ाई। उन्होंने देश व प्रदेश में अमन चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। उनके साथ प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्प संख्यक विभाग के अध्यक्ष नदीम जावेद, अल्प संख्यक मामलात मंत्री सालेह मोहम्मद ,अश्क अली टांक, नसीम अख्तर इंसाफ सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के लिए दरगाह में भीड़ के बीच विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए। सैय्यद अब्दुल गनी गुर्देजी गांधी परिवार के खादिम हैं। 18 फरवरी को ही केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चादर भी मजार शरीफ पर पेश की गई।
दरगाह कमेटी के सदस्य मुनव्वर खान ने राजनाथ सिंह की चादर को पेश किया। खादिम सैय्यद मुनव्वर चिश्ती नियाजी ने चादर पेश करने की रस्म निभाई। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने उर्स में आने वाले जायरीन को मुबारक बाद दी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की केन्द्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक इंद्रेश कुमार की ओर से भी चादर पेश की गई। इंद्रेश कुमार की चादर मंच के प्रमुख प्रतिनिधि डॉ, इमरान चौधरी लाए। खादिम शेख दौलत चिश्ती ने चादर पेश करने की रस्म निभाई, जबकि खादिम अशफान चिश्ती ने डॉ.चौधरी का दरगाह में इस्तकबाल किया। पूर्व मुख्य मंत्री वसुंधरा राजे की ओर से शुक्रचार 19 फरवरी को दरगाह शरीफ में चादर पेश की जाएगी। पूर्व मंत्री युनूस खान चादर लेकर अजमेर आएंगे। वसुधरा राजे के पारिवारिक वकील सैयद अफशांन चिश्ती चादर पेश कराएंगे।