Rajasthan: अर्जुन राम मेघवाल व अलका गुर्जर का गहलोत सरकार पर पंचायती सिस्टम तबाह करने का आरोप
Rajasthan केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ आरोप-पत्र जारी किया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो साल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पंचायती सिस्टम को तबाह कर दिया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan: राजस्थान में जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव में मतदान का पहला चरण 23 नवंबर से शुरू होगा। चुनाव नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ आरोप-पत्र जारी किया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो साल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पंचायती सिस्टम को तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि 25 साल में पहली बार ऐसा हुआ है, जब समय पर वित्त आयोग का गठन नहीं हुआ। पांचवें वित्त आयोग का कार्यकाल मार्च में पूरा हो चुका है।
मेघवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ग्रामीण जनता के लिए जो योजनाएं लाई हैं, उन पर मौजूदा गहलोत सरकार ने ब्रेक लगा दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री योजना के तहत 2.60 लाख मकान बनाकर तैयार कर दिए, लेकिन राज्य सरकार की ओर से अपने हिस्से की 40 फीसदी राशि लगभग 1400 करोड़ रुपये जारी नहीं की गई। जिसके चलते कई पात्र परिवारों को अब तक ये मकान नहीं मिल पाए। गुर्जर ने बताया कि सरकार ने पांचवें वित्त आयोग की वित्तीय वर्ष 2019-20 की पहली किश्त की बकाया 1085 करोड़ रुपये और दूसरी किश्त 1480 की राशि अब तक पंचायती राज संस्थाओं को नहीं दी है। इसके कारण आज प्रदेश की गांवों, पंचायतों में विकास के कार्य ठप पड़े हैं। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है।
कानून-व्यवस्था पूरी रह चौपट हो चुकी है । दोनों नेताओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ ब्लेक पेपर जारी किया, जिसमें कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ को उल्टा दर्शाया गया है। उधर, राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा ने जिस ब्लेक पेपर में कांग्रेस के हाथ को उल्टा दिखाया है, उसी हाथ ने नगर निगम चुनाव में भाजपा को थप्पड़ मारा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक का स्तर गिरा रही है। उन्होंने भाजपा पर ब्लेक पेपर में झुंठे आंकड़े प्रस्तुत करने का आरोप लगाया।