भाजपा विधायक प्रताप लाल के खिलाफ दुष्कर्म का एक और मामला दर्ज, पहले मामले की जांच कर रही सीआईडी
पीड़िता ने अपने शिकायत में बताया कि विधायक प्रतापलाल ने उसे शादी का झांसा दिया और पिछले दो साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। गोगुंदा से भाजपा के विधायक प्रताप लाल गमेती के खिलाफ शहर की अंबामाता थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
उदयपुर, संवाद स़ूत्र। गोगुंदा से भाजपा के विधायक प्रताप लाल गमेती के खिलाफ शहर की अंबामाता थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ उदयपुर की एक महिला ने शादी का बहाने दो साल तक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। विधायक गमेती के खिलाफ दुष्कर्म का यह दूसरा मामला है। पहले मामले की जांच सीआईडी-सीबी ने की थी जिसमें एक अन्य महिला ने भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि वह मामला आपसी समझौते के चलते निपट चुका है। नए मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजनी सुखवाल को सौंपी है।
मिली जानकारी के अनुसार अंबामाता थाने में दर्ज दुष्कर्म मामले की पीड़िता पुलिस अधीक्षक के पास आई थी और उसने पुलिस अधीक्षक को गोगुंदा विधायक की करनी तथा दुष्कर्म की जानकारी दी थी। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अंबामाता थाने में मामला दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए। पुलिस ने 38 वर्षीया पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा उसका मेडिकल भी कराया है।
पीड़िता ने अपने शिकायत में बताया कि विधायक प्रतापलाल ने उसे शादी का झांसा दिया और पिछले दो साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। हाल ही संपन्न वल्लभनगर विधानसभा के उपचुनाव के बाद उसने कन्नी काटनी शुरू कर दी। जिसके बाद उसने कानून की मदद लेने की ठानी है। इससे परेशान होकर उसने कानून की मदद लेने की ठानी। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दो साल पहले वह रोजगार के लिए गोगुंदा विधायक प्रतापलाल से फतहपुरा क्षेत्र के नवरत्न कॉम्पलेक्स में मिली थी। जहां प्रतापलाल ने उसे रोजगार देने का झांसा दिया और उससे मेलजोल बढ़ाया।
विधायक ने उसे अपने साथ शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। बाद में वह उसे जान से मारने की धमकी देकर लगातार संबंध बनाता रहा। इस बीच वह पीड़िता को जयपुर स्थित अपने फ्लैट पर भी ले गया और वहां भी संबंध बनाता रहा, लेकिन शादी नहीं की। दवाब दिए जाने पर उसने देबारी स्थित फार्महाउस पर बुलाया और दो खाली स्टाम्प पर साइन करा लिए और कहा कि वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव के बाद वह उससे शादी कर लेगा।
पीड़िता ने यह भी बताया कि पिछले महीने 14 अक्टूबर को उसे घर से अगवा कर अपने साथ ले गए और इस दौरान विधायक का पीए और उनका वाहन चालक भी मौजूद था। इधर, गोगुंदा विधायक ने पीड़िता से पहचान को लेकर भी अनभिज्ञता जाहिर करते हुए प्रकरण को झूठा बताया है। हालांकि पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो सौंपा है, जिसमें विधायक प्रतापलाल उसके घर पर अधोवस्त्रों में बैठे दिखाई दे रहे हैं।
विधायक के खिलाफ पूर्व में दर्ज हो चुका है दुष्कर्म का मामला
विधायक प्रतापलाल गमेती के खिलाफ दुष्कर्म का मामला नौ महीने पहले भी एक अन्य महिला ने दर्ज कराया था। जिसकी जांच सीआईडी-सीबी कर रही है। जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया था कि विधायक ने उससे शादी करने का झांसा देकर उसके साथ तीन साल तक शारीरिक संबंध बनाए। उल्लेखनीय है कि 52 वर्षीय विधायक शादीशुदा हैं और उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। इनमें से तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।