विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पति सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज
राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ की एक विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ की एक विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विवाहिता ने लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने में पांच लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। महिला ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उसके साथ भरतपुर के एक होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
सामूहिक दुष्कर्म करने वालों ने इस घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला ने अपने पति, उसके बड़े भाई और तीन अन्य लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता कुछ समय से अपने पति से अलग मायके में रह रही है। विवाहिता के अनुसार उसका ससुराल भरतपुर में है। वहां उसके पति के बड़े भाई घनश्याम ने अपने परिचित मेघराज को मेरे मोबाइल नंबर दे दिए। वह व्यक्ति उसे झांसे में लेकर बात करने लगा।
करीब छह माह पूर्व एक दिन वह अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ स्थित अपने पीहर जा रही थी। मेघराज ने पीहर छोड़ने के बहाने भरतपुर जिले के नगर कस्बे की एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद वह उसे पीहर छोड़ने के बजाय वापस ससुराल छोड़ गया। मेघराज ने इस घटना की जानकारी अपने एक परिचित डॉक्टर को दे दी। डॉक्टर रमेश कुमार ने ससुराल में बताने की धमकी देकर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। रमेश कुमार ने दुष्कर्म का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया। उन्होंने यह वीडियो उसके पति के बड़े भाई घनश्याम को दिखाया तो उसने भी उसे ब्लैकमेल करके दुष्कर्म किया।
ब्लैकमेल करने का सिलसिला यही नहीं थमा हाल ही में 12 अक्टूबर को तीनों ने उसे जबरन भरतपुर के एक होटल में बुलाया और सामूहिक दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म का भी उन्होंने वीडियो बना लिया। यह वीडियो उसके पति उमेश को दिखा दिया। इस पर पति ने अपने एक दोस्त को उसके पास दुष्कर्म करने के लिए भेज दिया। विवाहिता ने बताया कि वह पति से करीब एक साल से अलग रह रही है।
इस मामले में लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाने के उप निरीक्षक सुंदर शेखर ने बताया कि पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।