Rajasthan: चूरू जिले की गोशाला में 78 गायों की मौत, कई बीमार
Rajasthan गायों की मौत का पता चलते ही गोशाला में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गायों को शुक्रवार शाम बाजरे का चारा खिलाया गया था।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में चूरू जिले के सरदारशहर में शनिवार को एक गोशाला में 78 गायों की मौत हो गई। इसके साथ ही कई गायों की हालत गंभीर है, जिनका उपचार किया जा रहा है। गायों की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। अलबत्ता, प्रारंभिक जांच में विषाक्त भोजन मौत का कारण माना जा रहा है। सरदारशहर में बिल्युबास रामपुरा गांव स्थित श्री राम गोशाला में सुबह गायों की मौत से हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि गोशाला की 100 से भी अधिक गायें बीमार थीं। इधर, गायों की मौत का पता चलते ही गोशाला में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गायों को शुक्रवार शाम बाजरे का चारा खिलाया गया था। इसके बाद ही गायें बीमार पड़ीं और उनकी मौत हो गई है।
बीकानेर व चूरू से भेजी टीम
बीकानेर व चूरू से पशु चिकित्सकों की टीम गोशाला भेजी गई है। इस गोशाला की स्थापना 2012 में हुई थी। गायों की मौत की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी रीना छीपा और पुलिस उपाधीक्षक गिरधारी लाल शर्मा भी गोशाला पहुंचे। गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कलेक्टर से फोन पर मामले की जानकारी ली है। जांच-पड़ताल के बाद ही इन गायों की मौत के बारे में पता चल सकेगा।
गौरतलब है कि राजस्थान में जोधपुर की एक स्थानीय अदालत में सभी लोग तब हैरान हो गए, जब एक गाय को वहां पेश किया गया। दरअसल, इस गाय के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा था। वकील ने बताया कि ओम प्रकाश और श्याम सिंह के बीच गाय के मालिकाना हक को लेकर 2018 से विवाद चल रहा था। कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि पेश किए गए सभी सुबूतों के मुताबिक, गाय को ओम प्रकाश के दिया जाएगा।