पति पर लगाया बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
खालसापुर रोड निवासी निश्चल प्रिंस पर उसकी पत्नी अनु ने छह वर्ष के मासूम बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, तरनतारन: खालसापुर रोड निवासी निश्चल प्रिंस पर उसकी पत्नी अनु ने छह वर्ष के मासूम बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए हरियाणा के थाना कलायत में शिकायत दी है। हालांकि उसके पति निश्चल प्रिंस के पिता हरिदर शर्मा ने बहु पर ही उसके बेटे व पोते को गायब करने के आरोप में हाई कोर्ट में शिकायत दी है।
हरियाणा के जिला कैथल के शहर कलायत निवासी अनु ने अपनी शिकायत में बताया कि सात वर्ष पहले तरनतारन के खालसापुर रोड निवासी निश्चल प्रिंस के साथ उसका विवाह हुआ था। विवाह के बाद उसे कथित तौर पर दहेज लाने के लिए परेशान किया जाने लगा। एक वर्ष बाद उनके घर दो जुड़वा बच्चे तनवीर शर्मा व त्रिशा (लड़का-लड़की) पैदा हुए। ससुराल परिवार से तंग आकर वह दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। वहां एक नवंबर को निश्नल प्रिंस अपने परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर कलायत पहुंचा। प्रिंस अपने बेटे तनवीर शर्मा को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर साथ ले गया। इसके बाद उसने प्रिंस और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ थाना कलायत में शिकायत दी है।
उधर निश्चल प्रिंस के पिता हरिदर शर्मा ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि बहु अनु द्वारा अपने परिजनों से मिलकर उसके बेटे और पोते को गायब किया है। प्रिंस रिश्तेदारों समेत अपने ससुराल घर गया था, जो वापस नहीं लौटा। उनके बेटे और पोते को साजिश के तहत गायब किया गया है। उनकी जान को खतरा है। इसकी शिकायत उन्होंने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को भेजकर इंसाफ की मांग की है।