गांव दोबुर्जी के पास दो गुटों में चली गोलियां, एक घायल
तरनतारन के गांव दोबुर्जी के रेलवे ब्रिज के पास दो गुटों में रंजिश को लेकर आमने-सामने गोलियां चलीं।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : गांव दोबुर्जी के रेलवे ब्रिज के पास दो गुटों में रंजिश को लेकर आमने-सामने गोलियां चलीं। इस दौरान करीब दस राउंड फायर हुए। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। गोली लगने से आरोपित राजजीत सिंह उर्फ राजा घायल हो गया जिसे अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया है। पुलिस ने दोनों गुटों के लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कस्बा दोबुर्जी के आसपास कई दिनों से रंजिश के तहत दो गुटों में गोलियां चलाई जा रही थीं। परंतु दोनों गुट पुलिस को सूचना नहीं देते थे। रात को दो गुटों के बीच दोबुर्जी के रेलवे ब्रिज के पास दोबारा गोलियां चलीं। दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे की गाड़ियों की तोड़फोड़ भी कर रहे थे। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि एएसआइ गज्जण सिंह ने मौके पर जाकर जांच शुरू की तो पता चला कि राजजीत सिंह उर्फ राजा दोबुर्जी अपने पांच साथियों समेत गुट की अगुआई कर रहा था। जबकि दूसरी ओर गुरजंट सिंह उर्फ राजा व सोनू बहिला पांच साथियों समेत गोलियां चला रहे थे। दो गोलियां लगने से राजजीत सिंह उर्फ राजा दोबुर्जी घायल हो गया। जिसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि पुलिस ने गुरजंट सिंह उर्फ राजा और सोनू बहिला समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी दोनों गुटों में इस तरह की वारदात होती रहती थी लेकिन किसी भी गुट ने इस बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।