गर्म कपड़े का कारोबार करने आए लोगों से पौने तीन लाख की नकदी चोरी
किराये का मकान लेकर गर्म कपड़ों का कारोबार करने वाले जम्मू-कश्मीर निवासी आशिक हुसैन व मुहम्मद हुसैन के घर से पौने तीन लाख की नकदी चोरी हो गई।
संवाद सूत्र, भिखीविंड : किराये का मकान लेकर गर्म कपड़ों का कारोबार करने वाले जम्मू-कश्मीर निवासी आशिक हुसैन व मुहम्मद हुसैन के घर से पौने तीन लाख की नकदी चोरी हो गई। आशिक हुसैन व मुहम्मद हुसैन ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर से संबंधित है। छह वर्ष से लगातार सर्दी में गर्म कपड़े बेचने के लिए भिखीविंड में किराये का मकान ले रखा है। इस मकान में वह दोनों गर्म कपड़ों का स्टाक लाकर जमा करते थे। सर्दी का सीजन खत्म होते ही वह वापस जाने के लिए एक सप्ताह से लगातार गांवों से उगाही कर रहे थे। दो लाख 73 हजार की राशि जुटाकर उन्होंने लोहे की अलमारी में रखी थी। सुबह आठ बजे घर से रवाना हुए तो लोहे की अलमारी के अलावा कमरे व घर के मुख्य गेट पर ताले लगा दिए। शाम चार बजे उगाही करके जब वापस तो घर के ताले टूटे पड़े थे। लोहे की अलमारी से 2.73 लाख की राशि गायब थी। आशिक हुसैन ने बताया कि उन्होंने गर्म कपड़े बेचने लिए डेढ़ लाख का कर्ज ले रखा था। अब वापस जाकर कर्ज की राशि लौटानी थी। थाना भिखीविंड के प्रभारी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह मल्ली ने बताया कि शिकायत लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। अवैध हथियार के साथ फोटो अपलोड की, केस दर्ज : गांव सभरां निवासी किसान कुलदीप सिंह के बेटे सुखबीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर हथियार पकड़कर फोटो अपलोड की। उसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सदर पट्टी के प्रभारी इंस्पेक्टर हरिदर सिंह ने बताया कि सुखबीर सिंह नामक युवक ने इंस्टाग्राम आइडी पर विभिन्न प्रकार के हथियारों के साथ फोटो पोस्ट की। जांच में पता चला कि उक्त असलहा अवैध है। आरोपित के खिलाफ थाना सदर पट्टी में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।