तलाक लिए बिना दूसरा विवाह करवाया, सास को जान से मारने का किया प्रयास
गांव टांडा निवासी रविंदर सिंह ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ विवाह कर लिया है।
संवाद सूत्र, गोइंदवाल साहिब : गांव टांडा निवासी रविंदर सिंह ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आरोप है कि दोनों ने विवाह करवा लिया है। मामले की जांच एएसआइ मुख्तयार सिंह कर रहे हैं। गांव टांडा निवासी रविंदर सिंह ने बताया कि उसका विवाह गांव आसल निवासी किरनदीप कौर से आठ वर्ष पहले हुआ था। उनके अभिजोत सिंह नामक एक लड़का है। रविंदर सिंह चार वर्ष से दुबई रहता था। इस दौरान किरनदीप कौर के नौशहरा पन्नूआं निवासी युवक गुरजंट सिंह के साथ अवैध संबंध कायम हो गए। रविंदर सिंह ने बताया कि गुरजंट सिंह को अपना करीबी रिश्तेदार बताकर किरनदीप कौर अपने घर में रखती रही। अब कुछ समय से वह गुरजंट सिंह के साथ बतौर पत्नी रह रही है। रविंदर सिंह ने कहा कि उसने अपने पति को तलाक नहीं दिया, बल्कि चार लाख की नकद राशि भी हजम कर चुकी है। विरोध करने पर किरनदीप कौर ने अपनी सास जसबीर कौर को गले में फंदा लगाकर मारने का प्रयास भी किया। शिकायत की डीएसपी रविंदरपाल सिंह ढिल्लों ने जांच की, जिसके आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।