सुखबीर बादल ने बिक्रम मजीठिया के बराबर हरमीत सिंह संधू को सौंपी जिम्मेदारी, बनाया महासचिव
। पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बिक्रम सिंह मजीठिया की तरह पार्टी का महासचिव बनाया है।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बिक्रम सिंह मजीठिया की तरह पार्टी का महासचिव बनाया है। माझा के जिला तरनतारन से संधू ऐसे अकेले नेता हैं, जिन्हें पार्टी में मजीठिया के बराबर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वर्ष 2002 में हरमीत सिंह संधू ने आजाद चुनाव जीतकर शिअद के अलविंदरपाल सिंह पखोके को हराया था। इसके बाद 2007 व 2012 में शिअद की टिकट पर चुनाव में जीत दर्ज की थी। अकाली-भाजपा गठबंधन की दोनों सरकारों में सीपीएस रहे हरमीत सिंह संधू 2017 में डा. धर्मबीर अग्निहोत्री से साढ़े 14 हजार मतों से हारे थे। इसके बाद उन्हें खडूर साहिब हलके की भी बागडोर सौंप दी गई। गौर हो कि पूर्व सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के शिअद से बागी होने के बाद खडूर साहिब में पार्टी के पास कदावर नेता नहीं था। हरमीत सिंह संधू अब खडूर साहिब के साथ विस हलका तरनतारन की बागडोर संभाल रहे हैं। हालांकि अलविंदरपाल सिंह पखोके ने खडूर साहिब सीट पर अभी से दावा जताते हुए हरमीत सिंह संधू के उक्त हलके में दखल के खिलाफ पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से मिलकर रोष भी जताया था। संधू कहते हैं कि पार्टी ने भले ही उन्हें महासचिव बनाया है। परंतु माझे के जरनैल बिक्रम सिंह मजीठिया ही हैं। उन्हीं की अगुआई में शिअद को समर्पित रहूंगा। नेताओं ने सुखबीर बादल का आभार जताया
शिअद नेता दलबीर सिंह जहांगीर, रमनजीत सिंह भरोवाल, कुलदीप सिंह औलख, मनोज कुमार टिम्मा, भूपिंदर सिंह खेड़ा, बलजीत सिंह गिल, सरबरिंदर सिंह भरोवाल, सरबजीत सिंह लाली, यादविंदर सिंह यादू, नवरूप सिंह संधावालिया, हरप्रीत सिंह भीता, अमनिंदर सिंह नीना, दीपक कैरों और सूरज शर्मा ने हरमीत सिंह संधू को शिअद महासचिव बनाए जाने पर सुखबीर सिंह बादल का धन्यवाद किया है।