विकास के दम पर जीतेंगे नगर कौंसिल के चुनाव : हरमिंदर गिल
शहर के विभिन्न वार्डो का दौरा करते हुए विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने इलाका निवासियों से विकास कार्यो पर चर्चा की।
संवाद सूत्र, पट्टी : शहर के विभिन्न वार्डो का दौरा करते हुए विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने इलाका निवासियों से विकास कार्यो पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने होने वाले नगर कौंसिल के चुनाव की तैयारी का जायजा लिया। गिल ने कहा कि शहर का विकास बिना भेदभाव के किया गया है।
उन्होंने कहा कि चार साल के दौरान शहर में इतना विकास करवाया है, जो अकाली दल की पूर्व सरकार ने दस वर्ष तक नहीं करवाया गया था। गिल ने कहा कि शहर में सुंदर पार्क का निर्माण, अस्पताल में बेहतर सेहत सुविधाएं, स्कूलों में बढि़या शिक्षा दी जा रही है। पीने वाले पानी की समस्या दूर करने, सड़कों, मोहल्लों का विकास करने में कसर नहीं छोड़ी जा रही। विधायक गिल ने लोगों से हुए विकास के बारे में जानकारी ली। इसके बाद गिल ने नगर कौंसिल चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी होते ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई है।
इस मौके पर जिला विकास कमेटी चेयरमैन जगतार सिंह बुर्ज, पंजाब पेंशनर बोर्ड चेयरमैन प्रिंसिपल हरदीप सिंह, दलबीर सिंह सेखों, सुखविंदर सिंह सिद्धू, वजीर सिंह पारस, एडवोकेट दीपक अरोड़ा मौजूद थे। शहरों की तर्ज पर हो रहा गांवों का विकास : विधायक भुल्लर
वहीं भिखीविंड में खेमकरण के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर ने विभिन्न गांवों में 14 करोड़ रुपये की लागत से मुकम्मल हुए विकास कार्यो का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में पंचायत की डिमांड के मुताबिक विकास के लिए ग्रांट दी जा रही है। यह ग्रांट सरपंच के घर चाय पीकर नहीं बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर ग्रामीणों की मौजूदगी में दी जा रही है ताकि प्रत्येक ग्रामीण सरपंच से ग्रांट का हिसाब ले सके। विधायक भुल्लर ने भिखीविंड, बैंका, बलेर व सुग्गा की पंचायतों को 32 लाख से अधिक राशि के चेक वितरण भी किए।