18 दिन बाद भी हत्या के आरोपित गिरफ्तार नहीं, परिवार ने लगाया धरना
गांव जंड में ससुराल घर में आए संदीप सिंह सनी नामक युवक की हत्या करने व परिवार के अन्य सदस्यों को घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया।
संवाद सूत्र, पट्टी : गांव जंड में ससुराल घर में आए संदीप सिंह सनी नामक युवक की हत्या करने व परिवार के अन्य सदस्यों को घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया। इसी के विरोध में परिवार ने पुलिस के खिलाफ राष्ट्रीय मार्ग पर धरना लगाया।
विधानसभा हलका खेमकरण के गांव जंड निवासी गुरप्रीत कौर के साथ गांव चोताला निवासी संदीप सिंह सनी का डेढ़ माह पहले विवाह हुआ था। सनी पत्नी समेत ससुर लक्खा सिंह के घर में गया। वहां पर गुरप्रीत की बड़ी बहन व अन्य रिश्तेदार भी आए थे। 20 मार्च की शाम को कुछ लोग तेजधार हथियारों समेत लक्खा के घर दाखिल हुए। आरोपितों ने लक्खा, उसकी लड़की गुरप्रीत कौर, कुलविदर कौर, दामाद संदीप को घायल कर दिया। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। गुरप्रीत ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला तो दर्ज किया, परंतु किसी को गिरफ्तार नहीं किया। संदीप की मां परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि सियासी दखल पर पुलिस आरोपितों को पकड़ नहीं रही। शाम चार से साढ़े छह बजे तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना जारी रहा। इसके बाद डीएसपी कुलजिदर सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी का परिवार को भरोसा दिलाया। फिर लोगों ने धरना समाप्त कर लिया। खुलआम घूम रहे आरोपित पहुंचा सकते नुकसान
संदीप की पत्नी गुरप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपित सरेआम घूम रहे हैं। जिस तरह उन्होंने उसका सुहाग उजाड़ा, उसी तरह वे और भी नुकसान कर सकते हैं। इस बाबत कई बार पुलिस को शिकायत की जा चुकी है। परंतु पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही। आरोपितों को किया जाएगा जल्द गिरफ्तार: डीएसपी
मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलजिदर सिंह ने परिवार को आश्वासन दिया कि एफआइआर में नामजद आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले भी कई बार छापामारी की है। परंतु आरोपितों के घर पर ताले लगे मिले हैं।