रात को घर में घुसा ASI, मां-बेटी से बदसलूकी के बाद बालों से घसीटा, घटना CCTV में कैद
पट्टी हलके के गांव तलवंडी में पुलिस कर्मियों ने खाकी को दागदार करते हुए आधी रात को एक घर में घुसकर मां-बेटी की पिटाई कर दी।
तरनतारन [धर्मबीर सिंह मल्हार]। पट्टी हलके के गांव तलवंडी में पुलिस कर्मियों ने खाकी को दागदार करते हुए आधी रात को एक घर में घुसकर मां-बेटी की पिटाई कर दी। घटना के समय महिला का पति भी घर पर नहीं था। पुलिस ने महिला को थाने चलने के लिए कहा। जब महिला ने कहा कि वह महिला पुलिस कर्मियों के बिना नहीं जाएगी तो पुलिस चौकी घरियाला के इंचार्ज लखविंदर सिंह ने महिला और उसकी बेटी को बालों से पकड़कर घसीटा व मारपीट की। पुलिस की यह करतूत घर में ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। SSP कुलदीप सिंह चाहल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि परिवार इंसाफ की गुहार लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट गया है।
गांव तलवंडी निवासी गुरबाज सिंह का अपने साढू गुरलाल सिंह निवासी अलगो के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरबाज की पत्नी रानी के मुताबिक रात करीब नौ बजे गुरलाल अपने साथियों के साथ घर आया। उसके पीछे ही पुलिस चौकी घरियाला के इंचार्ज ASI लखविंदर सिंह व तीन अन्य पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। उसने पुलिस को बताया कि पति घर पर नहीं हैं। इस पर ASI ने उसे ही चौकी चलने को कहा। जब उसने (रानी) साफ कहा कि वह महिला पुलिस कर्मियों के बिना चौकी नहीं जाएगी तो ASI भड़क गया।
ASI ने साथी पुलिस कर्मियों के साथ बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उसे बालों से पकड़कर जमीन पर घसीटा। 17 वर्षीय बेटी परवीन कौर उसे बचाने आई तो पुलिस कर्मियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। उसके पेट में मुक्के मारे और बालों से घसीटा। परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस कर्मी वापस चले गए। पुलिस की यह सारी करतूत घर में ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
परिवार को दी जान से मारने की धमकियां
गुरबाज सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी को जब पता चला कि मारपीट की घटना CCTV में कैद हो गई है तो पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। पुलिस की दहशत के चलते वीरवार सुबह गुरबाज सिंह अपने परिवार के साथ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के लिए रवाना हो गया।
मैंने किसी को नहीं पीटा, जांच के लिए तैयार हूं : ASI
ASI लखविंदर सिंह का कहना है कि उसने किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। CCTV कैमरे में जो कुछ दिखाया जा रहा है, वह झूठ है। झूठ के पांव नहीं होते। वह हर जांच का सामना करने के लिए तैयार है।
मामले की जांच कराई जाएगी : SSP
SSP कुलदीप सिंह चाहल का कहना है कि गुरबाज सिंह के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच करने के लिए पुलिस पार्टी गुरबाज सिंह के घर उनको सूचित करने गई थी। पुलिस पार्टी ने किसी से गलत व्यवहार नहीं किया। फिर भी वह CCTV फुटेज की जांच करवाएंगे।