विधायक गिल समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता जगदीप सिंह उर्फ मन्ना व अनमोलदीप सिंह उर्फ मौला का श्रद्धांजलि समागम रविवार को हुआ।
संवाद सूत्र, पट्टी : युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता जगदीप सिंह उर्फ मन्ना व अनमोलदीप सिंह उर्फ मौला का श्रद्धांजलि समागम रविवार को हुआ। श्री अखंड पाठ साहिब जी के भोग उपरांत रागी जत्थों ने कीर्तन किया। इस मौके पर विधायक हरमिदर सिंह गिल, जिला विकास कमेटी चेयरमैन जगतार सिंह बुर्ज, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हरमन सेखों, नगर कौंसिल अध्यक्ष दलबीर सिंह सेखों, एडवोकेट दीपक अरोड़ा, जगजीत सिंह भुल्लर, प्रो. नवरीत सिंह जल्लेवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि अनमोलदीप सिंह व जगदीप सिंह की हत्या करने वाले आरोपितों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। गौर हो कि 17 नवंबर को दोनों की गोलियां मारकर हत्या की गई थी। जबकि गुरसेवक सिंह सेवक गंभीर घायल हो गया था।
पांचों आरोपित गिरफ्त से बाहर
डबल मर्डर केस से संबंधित मुख्य आरोपित लखबीर सिंह लक्खा के भाई गुरदेव सिंह देबू, हीरा सिंह, लव बलीम, गोपी बलीम, गुरसाहिब सिंह साबी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी लखबीर सिंह द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापामारी की गई। परंतु कोई भी आरोपित हाथ नहीं लगा। हालांकि पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों को छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी लखबीर सिंह कहते है कि पांचों आरोपितों की गिरफ्तारी लिए पुलिस बारीकी से कार्रवाई कर रही है।