कैरों का राजनीतिक किला फतेह करने को विधायक गिल बेताब
। नगर कौंसिल चुनाव का बिगुल बज चुका है यह जनवरी में करवाए जाएंगे।
धर्मबीर सिंह मल्हार, पट्टी (तरनतारन) : नगर कौंसिल चुनाव का बिगुल बज चुका है। नौ लक्खी शहर पट्टी की बात करें तो यहां की नगर कौंसिल पर 20 वर्ष से लगातार पूर्व मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों का कब्जा रहा है। कैरों के राजनीतिक किले पर फतेह पाने के लिए कांग्रेस विधायक हरमिंदर सिंह गिल काफी बेताब हैं। इसलिए यह चुनाव दिलचस्प रहेगा ।
प्रदेश में बेअंत सिंह की अगुआई में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो नगर कौंसिल चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई थी। तब 20 अक्टूबर 1992 में परमजीत ढंड कौंसिल के अध्यक्ष बने थे। इसके बाद शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को लगातार चार बार जीत मिली। 1998 के चुनाव में आदेश प्रताप सिंह कैरों की अगुआई में शिअद ने कौंसिल चुनाव में जीत दर्ज की। 21 अप्रैल 1998 को कैरों परिवार के करीबी कुलवंत सिंह सराफ अध्यक्ष बने। 2003 के चुनाव में शिअद की दोबारा जीत हुई तो चार सितंबर 2003 को जसबीर सिंह शहीद को प्रधानगी का ताज मिला। 12 अगस्त 2008 को शहीद की अगुआई में चुनाव में शिअद की शानदार जीत हुई। इसके बाद वह दोबारा अध्यक्ष बने। इस चुनाव के बाद नगर कौंसिल पट्टी की 15 वार्डो को 19 वार्डो में तब्दील कर दिया गया। आदेश प्रताप सिंह कैरों की अगुआई में शिअद ने 2015 के चुनाव में लगातार चौथी बार जीत हासिल की। वार्ड नंबर दस से चुनाव जीतने वाले सुरिदर कुमार शिंदा को कैरों परिवार ने 10 मार्च 2015 को नगर कौंसिल की प्रधानगी सौंपी। लोकसभा चुनाव में हारी कांग्रेस
2019 के लोकसभा चुनाव में दलबीर सिंह सेखों कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष थे। पट्टी शहर से कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस पर विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने दलबीर सिंह सेखों से कांग्रेस की प्रधानगी छीनकर विजय कुमार को सौंप दी थी। महिलाओं के लिए नौ वार्ड
-वार्ड नंबर एक अनुसूचित जाति (महिला)
- वार्ड नंबर दो अनुसूचित जाति
- वार्ड नंबर तीन जनरल महिला के लिए
-वार्ड नंबर चार पुरुषों के लिए
- वार्ड नंबर पांच महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर छह बैकवर्ड क्लास के लिए
- वार्ड नंबर सात महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर आठ पुरुषों के लिए
- वार्ड नंबर नौ महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर 10 पुरुषों के लिए
- वार्ड नंबर 11 महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर 12 अनुसूचित जाति के लिए
- वार्ड नंबर 13 महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर 14 अनुसूचित जाति के लिए
- वार्ड नंबर 15 महिलाओं के लिए
- वार्ड नंबर 16 पुरुषों के लिए
- वार्ड नंबर 17 अनुसूचित जाति महिला के लिए
- वार्ड नंबर 18 पुरुषों के लिए
- वार्ड नंबर 19 पुरुषों के लिए भाजपा का पट्टी में मंडल अध्यक्ष नहीं
भाजपा ने बेशक नगर कौंसिल चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है, परंतु पट्टी में पार्टी का मंडल अध्यक्ष नहीं है। भाजपा के जिला अध्यक्ष राम लाल हंस कहते हैं कि कौंसिल चुनाव शानदार तरीके से लड़ेंगे। इस संबंध में वीरवार को पट्टी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जा रही है। सेखों पर गिल मेहरबान
कांग्रेस पार्टी ने दलबीर सिंह सेखों को नगर कौंसिल अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाकर चुनाव लड़ना है। सेखों वार्ड नंबर आठ के रहने वाले हैं। यह वार्ड पुरुषों के लिए जनरल है। जिसके चलते सेखों इस वार्ड से मजबूत दावेदार होंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विधायक हरमिंदर सिंह गिल की अगुआई में जीता जाएगा। शिंदा पर शिअद का दाव
शिअद इस बार सुरिदर कुमार शिंदा की अगुआई में कौंसिल चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। पांच वर्ष पहले वार्ड नंबर दस से शिंदा ने चुनाव लड़ा था। जिसमें उनके मुकाबले चुनाव मैदान में उतरे कांग्रेसी प्रत्याशी की हार हुई थी। शहर की कुल 19 वार्डो में से कांग्रेस एक सीट पर विजयी रही थी।