नशे के लिए पत्नी से झगड़कर ले गया दो हजार रुपये, श्मशान घाट में मिला शव
रविवार की रात को पत्नी से झगड़कर दो हजार रुपये लेकर घर से गए तीन बच्चों के पिता हरदेव सिंह (34) का गांव सरहाली कलां के श्मशानघाट से शव बरामद हुआ। अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह केस हरदेव सिंह की पत्नी के बयान पर दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : नशे के कारण जिले में युवाओं की मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार की रात को पत्नी से झगड़कर दो हजार रुपये लेकर घर से गए तीन बच्चों के पिता हरदेव सिंह (34) का गांव सरहाली कलां के श्मशानघाट से शव बरामद हुआ। अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह केस हरदेव सिंह की पत्नी के बयान पर दर्ज किया गया है।
विधानसभा हलका पट्टी के गांव सरहाली निवासी हरदेव सिंह मजदूरी करता था। जो कुछ समय से नशे का आदी बन गया। उसकी पत्नी धर्मजीत कौर ने बताया कि दो लड़कों व एक लड़की की पढ़ाई का वास्ता देकर हरदेव सिंह को कई बार नशे से तौबा करने लिए कहा। परंतु वह नहीं माना। नशे की पूर्ति के लिए हरदेव सिंह पत्नी से झगड़ाकर पैसे ले जाता था। रविवार की रात को धर्मजीत कौर से दो हजार रुपये लेकर कहीं चला गया। रात भर वापस नहीं आने पर परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। इस दौरान गांव के श्मशानघाट में हरदेव सिंह का शव बरामद हुआ। उसकी बाजू में नशे का टीका लगा था। नशे से हरदेव सिंह का शरीर पूरी तरह से नीला पड़ा था। थाना सरहाली कलां के प्रभारी इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह, ड्यूटी अफसर एसआइ सलवंत सिंह ने मौके पर जाकर हरदेव सिंह का शव कब्जे में लिया। धर्मजीत कौर ने बयान दर्ज करवाए कि उसके पति को अज्ञात लोगों ने नशा दिया है। इसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 304 के तहत एफआइआर दर्ज करके शव पोस्टमार्टम करवाकर दिया गया है।