दो भाईयों ने साथियों से मिलकर चाचा-भतीजा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर मारी गोलियां
गांव नागोको में गोली मारकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या की।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : गांव नागोके में मामूली विवाद में दो सगे भाइयों ने अपने साथियों से मिलकर मंगलवार की रात करीब दस बजे चाचा-भतीजे को पहले दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फिर चौराहे में लाकर गोलियां मार दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर आठ अज्ञात लोगों सहित 16 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
थाना वैरोंवाल के गांव नागोके निवासी लखबीर सिंह का अपने भाई तस्बीर सिंह से साथ खेतों में सांझा घर है। तस्बीर सिंह की मौत हो चुकी है। तस्बीर सिंह का बेटा अमृतपाल सिंह गत 20 सितंबर को गोइंदवाल साहिब के जोड़ मेले में गया था। यहां पर उसका इसी गांव के जोधबीर सिंह व उसके भाई तेजबीर सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह मामला थाने पहुंचा था, लेकिन कुछ गणमान्य लोगों ने उनका राजीनामा करवा दिया था। इसी रंजिश के तहत जोधबीर सिंह व तेजबीर सिंह ने अपने साथी लवप्रीत सिंह, अर्शदीप सिंह, कंवलजीत सिंह निवासी नागोके के साथ मिलकर मंगलवार की रात को अमृतपाल सिंह व उसके चाचा लखबीर सिंह को उस समय घेर लिया। जब दोनों मोटरसाइकिल पर कहीं से घर लौट रहे थे। आरोपितों ने तेजधार हथियारों के बल पर दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, फिर उनके घर को जाते चौराहे के पास ले आए। इतने में गांव गगड़ेवाल निवासी चेती अपने आठ अज्ञात साथियों समेत वहां पहुंचा। इस दौरान तेजबीर सिंह ने चेती गगड़ेवाल को कहा कि दोनों को अभी ढेर कर दो। यह सुनते ही चेती गगड़ेवाल ने प्वाइंट 12 बोर की राइफल से गोलियां चलाकर दोनों को मौके पर ढेर कर दिया। घटना के बाद आरोपित अपनी आइ ट्वेंटी कार और बाइकों पर फरार हो गए।
मौके पर डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल, थाना वैरोंवाल के प्रभारी वरिदर सिंह खोसा, ड्यूटी अफसर लखविदर सिंह पहुंचे व शवों को कब्जे में लेकर अमृतपाल सिंह के चचेरे भाई मनदीप सिंह के बयानों पर उक्त आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी बल्ल ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है।