ससुरालियों से परेशान विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
तीन वर्षीय बच्चे की मां ने ससुराल परिवार से परेशान होकर पंखे से लटक आत्महत्या कर ली।
संवाद सूत्र, पट्टी : तीन वर्षीय बच्चे की मां ने ससुराल परिवार से परेशान होकर पंखे से लटक आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने मृतका के पति और ससुर के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
गांव भग्गूपुर निवासी सकतर सिंह ने बताया कि चार वर्ष पहले उसने अपनी लड़की संदीप कौर का विवाह गांव सराली मंडा निवासी महल सिंह के लड़के अमरजीत सिंह से किया था। विवाह के बाद उनके घर लड़का पैदा हुआ। संदीप कौर को बिना वजह ससुराल परिवार द्वारा तंग करना शुरू कर दिया गया। कभी दहेज की मांग को लेकर पड़ताड़ित किया जाता तो कभी आर्थिक तौर पर परेशान किया जाने लगा। ससुराल परिवार से तंग आकर उसकी लड़की कई बार जीवन लीला समाप्त करने की बातें करती थी। सोमवार को उसने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
डीएसपी कमलप्रीत सिंह मंड ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति अमरजीत सिंह, ससुर महल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। डीएसपी मंड ने बताया कि शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।