शिअद का दामन थाम भावुक हुए मंजीत घसीटपुरा ने कहा, कांग्रेस में घुटता था दम
जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मंजीत सिंह घसीटपुरा शनिवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में शामिल हो गए। शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी में शामिल करते हुए स्वागत किया।
धर्मबीर सिंह मल्हार, घसीटपुरा (तरनतारन) : जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मंजीत सिंह घसीटपुरा शनिवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) में शामिल हो गए। शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी में शामिल करते हुए स्वागत किया। सुखबीर से सम्मान पाते ही मंजीत सिंह घसीटपुरा भावुक हो गए।
इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनका दम घुटता था। उनके जमीर ने आवाज दी तो वह लोगों की सेवा के लिए माझे के जरनैल बिक्रम सिंह मजीठिया से मिलकर शिअद में शामिल हो गए। भावुक हुए घसीटपुरा को सुखबीर और पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया ने गले लगाते हुए कहा, हुण तुसीं ठीक पते ते सही टिकाणे ते पुज्जे ओ। तुहाडा पूरा मान-सम्मान होवेगा।
मंच से मंजीत सिंह घसीटपुरा ने कहा कि कांग्रेस में दूसरी पीढ़ी के तौर पर उन्होंने पार्टी की सेवा की, परंतु अब कांग्रेस पहले जैसे पार्टी नहीं रही। कांग्रेस में अब पैसे का बोलबाला है। जहरीली शराब से 100 से अधिक लोगों की मौत हुई तो उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात करने का प्रयास किया, परंतु वह फोन रसीव ही नहीं करते। घसीटपुरा का स्वागत करते हुए शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सौ साल पुराने शिअद का इतिहास कुर्बानियों से भरा है। आने वाले दिनों में कई पार्टियों के नेता शिअद का दामन थामेंगे। मजीठिया बोले, शिअद के वर्कर गुटबंदी से ऊपर उठकर मैदान में अभी से जुट जाएं
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले शिअद के वर्कर गुटबंदी से ऊपर उठकर अभी से मैदान में जुट जाएं। आने वाली सरकार शिअद की ही होगी। क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुटका साहिब हाथ में लेकर पंजाबियों को गुमराह किया है। पूर्व सीपीएस विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि अकाली सरकार के समय किसानों का ट्यूबवेल बिल माफ करके बड़ी राहत दी गई और आज भी पार्टी किसानों के साथ है। पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू ने कहा कि गलती से खडूर साहिब की सीट दो बार हार चुके हैं। अबकी बार जीत का परचम लहराया जाएगा, क्योंकि वर्करों का जोश बेमिसाल है। इन नेताओं ने मंजीत घसीटपुरा को दी बधाई
एसजीपीसी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष अलविंदरपाल सिंह पखोके, पूर्व महासचिव गुरबचन सिंह करमूवाला, शिअद महिला विंग जिला अध्यक्ष रुपिंदर कौर ब्रह्मपुरा, दलबीर सिंह जहांगीर, रमनदीप सिंह भरोवाल, कुलदीप सिंह औलख, मनोज कुमार टिम्मा, इकबाल सिंह संधू, अमरीक सिंह पखोके, बलदेव सिंह पंडोरी, हरजिंदर सिंह कोहली, शम्मी कंग, बख्शीश सिंह डयाल, प्रगट सिंह बनवालीपुर, नवरूप सिंह संधावालिया, सरबरिंदर सिंह भरोवाल, मंजीत सिंह मन्ना ढोटियां, गुरिंदर सिंह टोनी, गुरसेवक सिंह शेख, यादविंदर सिंह माणोचाहल ने संबोधित करते हुए मंजीत सिंह घसीटपुरा को शिअद में शामिल होने पर बधाई दी।