संयुक्त समाज मोर्चा ने सुरजीत सिंह भूरा को खेमकरण से उतारा
संयुक्त समाज मोर्चा (एसएसएम) द्वारा पंजाब बार्डर एरिया किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह भूराकोहना को चुनाव मैदान में उतारा है।
जासं, तरनतारन : संयुक्त समाज मोर्चा (एसएसएम) द्वारा पंजाब बार्डर एरिया किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह भूराकोहना को चुनाव मैदान में उतारा है। 44 वर्षीय सुरजीत सिंह पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगाई गई कंटीली तार की चपेट में आई जमीन के किसानों की आवाज बुलंद करने वाले भूरा पंजाब एकता पार्टी में भी सरगर्म भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली आंदोलन में संयुक्त किसान मोर्चे को समर्थन दिया था।
विस हलका खेमकरण के गांव भूराकोहना निवासी सुरजीत सिंह टकसाली परिवार से संबंधित हैं। छह वर्ष कनाडा में रहने के बाद सुरजीत सिंह ने वर्ष 2013 में पंजाब बार्डर एरिया किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर कंटीली तार के पार वाली जमीन के मालिक किसानों के मामले बड़े स्तर पर उठाए। इसके चलते किसानों को प्रत्येक दिन में दो बार कंटीली तार पर लगे गेट खोलकर खेती करने लिए जाने को लेकर पहचान पत्र जारी हुए थे। बारहवीं पास सुरजीत सिंह भूराकोहना कुछ समय तक पंजाब एकता पार्टी (पीएपी) में शामिल हो गए थे। पार्टी के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने सुरजीत सिंह को किसान विग का अध्यक्ष बनाया था। विस हलका खेमकरण से शिअद-बसपा गठबंधन द्वारा विरसा सिंह वल्टोहा, आम आदमी पार्टी द्वारा सरवन सिंह धुन्न, शिअद (संयुक्त) द्वारा दलजीत सिंह गिल को चुनाव मैदान में उतारा जा चुका है। कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी प्रत्याशी बाबत कोई घोषणा नहीं की गई। हलके का नाम : खेमकरण-22
पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत : 78.22 प्रतिशत
2017 के चुनाव में विजयी : सुखपाल सिंह भुल्लर (कांग्रेस)
मतदाता की संख्या : 2 लाख 11 हजार 817
पुरुष मतदाता : 1 लाख 10 हजार 417
महिला मतदाता : 1 लाख 1 हजार 390
थर्ड जेंडर : 10
नए वोटर : 1973 (नए पुरुष वोटर : 1958, नए महिला वोटर : 15)
कुल बूथ : 235