तरनतारन में दबंगों ने दिखाई दरिंदगी, बेटे-बहू के सामने महिला को निर्वस्त्र कर पीटा
जमीन विवाद के चलते गांव नौशहरा पनूआ में रिश्तेदारों ने एक महिला को उसके बेटे व बहू के सामने निर्वस्त्र कर पीटा।
जेएनएन, तरनतारन। जमीन विवाद के चलते गांव नौशहरा पनूआ में रिश्तेदारों ने एक महिला को उसके बेटे व बहू के सामने निर्वस्त्र कर पीटा। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का एक लड़का विदेश में रहता है, जबकि छोटा लड़का व बहू उसके साथ ही रहते हैं।
तरनतारन के गांव नौशहरा पनूआ की महिला की 13 कनाल 14 मरले जमीन का मुकदमा अमर सिंह पुत्र सुरैण सिंह के साथ चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजे वह अपने घर में थी। घर के समीप ही विवादित जमीन है। उस समय गांव के अमर सिंह के रिश्तेदार बचितर सिंह, बाशा सिंह, जरनैल सिंह, फौजा सिंह, गुरप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह और गुरबचन सिंह हथियारों से लैस होकर घर आए।
आरोपितों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। उक्त महिला ने जब आरोपितों को रोका तो उन्होंने उसे निर्वस्त्र पीटा। मां के बचाव के लिए आए बेटे और बहू से भी दबंगों ने मारपीट की। आरोपित जाते हुए जमीन का कब्जा छोड़ने की चेतावनी दे गए। डीएसपी आजाद दविंदर सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जरनैल सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप