चोरों ने रात को कंप्यूटर लैब को बनाया निशाना
सरकारी हाई स्कूल बनवालीपुर के ताले तोड़कर आधी रात को अज्ञात लोगों ने चोरी की।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : सरकारी हाई स्कूल बनवालीपुर के ताले तोड़कर आधी रात को अज्ञात लोगों ने कंप्यूटर लैब को निशाना बनाया। चोरी का पता सुबह स्कूल का गेट खोलने पर चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है।
विधानसभा हलका पट्टी के गांव बनवालीपुर स्थित सरकारी हाई स्कूल के अंदर वाला कैंची गेट तोड़कर कुछ लोग स्कूल के भीतर दाखिल हुए। फिर उन्होंने कंप्यूटर लैब का ताला व दरवाजा तोड़ा। लैब से छह एलइडी, तीन सीपीयू, पांच कीबोर्ड, 20 माउस, 10 डिसप्ले केबल, 15 पॉवर केबल चोरी कर लिए। सुबह सफाई सेविका कंवलजीत कौर पत्नी मंगल सिंह जब स्कूल में आई तो ताले टूटे देखे। हैड टीचर सतनाम सिंह ने मौके पर पुलिस को खबर की। थाना सरहाली कलां के प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह ने मौके पर जांच लिए एएसआई सविंदर सिंह को भेजा। हैड टीचर सतनाम सिंह के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।