गोपी पर मुखबिरी का संदेह था, मंगा और भल्लू ने साथियों संग मिल चलाई गोलियां
कस्बा भिखीविड में लोहड़ी की शाम को गोलियां मारकर हरसिमरन सिंह सन्नी (29) नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, भिखीविड (तरनतारन) : कस्बा भिखीविड में लोहड़ी की शाम को गोलियां मारकर हरसिमरन सिंह सन्नी (29) नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शुक्रवार को सिविल अस्पताल पट्टी से सन्नी के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। हालांकि आरोपितों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई। पुलिस का दावा है कि आरोपितों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। थाना भिखीविड की पुलिस ने सोमवार को मनजीत सिंह मंगा और हरपाल सिंह भल्लू को नशा बेचने की सूचना के आधार पर हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में उनको छोड़ दिया गया। मंगा और भल्लू को संदेह था कि गुरप्रीत सिंह गोपी ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत दी है। इसी रंजिश में छह से अधिक हमलावर गुरप्रीत सिंह गोपी के घर में दाखिल हुए और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान गोपी के सिर में चोट लग गई। देर रात आरोपित मनजीत सिंह मंगा, हरपाल सिंह भल्लू अपने साथी लवप्रीत सिंह, सोनी भिखीविड व हैप्पी रणीके के अलावा तीन अज्ञात साथियों के साथ आए और गोलियां चलाने लगे। गोपी के घर में आए मेहमान हरसिमरन सिंह उर्फ सन्नी (29) निवासी गांव दोदे थाना झब्बाल को गोली जा लगी। उसे भिखीविड के धवन अस्पताल ले जाया गया जहां पर सन्नी को मृत घोषित कर दिया गया। सन्नी के पिता एसजीपीसी के कर्मचारी है। पांच आरोपित नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
थाना भिखीविड के प्रभारी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह ने बताया कि सन्नी के पिता जतिदर सिंह के बयानों पर पुलिस ने थाना भिखीविड में पांच आरोपितों को नामजद और उनके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को सन्नी का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया।