काम के बहाने से दोस्त घर से ले गया साथ, नशा करने से रोकने पर कर दी हत्या
तरनतारन के गांव गंडीविंड धत्तल के रहने वाले गुरभेज सिंह उर्फ शेरा का उसके दोस्त गुरजंट सिंह जंटा ने कत्ल कर दिया।
जेएनएन, तरनतारन। नशा करने से रोकने पर गांव गंडीविंड धत्तल के रहने वाले गुरभेज सिंह उर्फ शेरा का उसके दोस्त गुरजंट सिंह जंटा ने कत्ल कर दिया। शेरा का शव पुलिस ने रेलवे क्रासिंग के पास झाड़ियों से बरामद किया है।
पट्टी के गांव गंडीविंड धत्तल के रहने वाला गुरभेज सिंह शेरा मजदूरी करके परिवार का पेट पाल रहा था। शेरा की दोस्ती गांव कैरों निवासी गुरजंट सिंह जंटा से हो गई। इस बीच जंटा नशे का आदी हो गया। शेरा अपने दोस्त जंटा को नशा करने से मना करता था। 24 फरवरी को जंटा शेरा के घर आया और काम के सिलसिले में उसे अपने साथ पट्टी जाने को कहा।
शेरा अपनी मोटरसाइकिल लेकर जंटा के साथ चला गया, लेकिन घर नहीं लौटा। शेरा के भाई संदीप सिंह ने बताया कि वह जब जंटा के घर पहुंचा तो उसकी मां वीर कौर ने कहा कि दोनों किसी काम के चलते लेट हो चुके हैं, अब सुबह ही आएंगे। अगले दिन भी शेरा घर नहीं पहुंचा।
पुलिस चौकी कैरों में शेरा की गुमशुदगी की शिकायत दी गई। रविवार शाम को गांव सराली मंडा के पास रेलवे क्रासिंग पर झाड़ियों के पास शेरा का शव मिला। थाना पट्टी के प्रभारी अजय खुल्लर ने बताया कि शेरा के भाई संदीप सिंह के बयान दर्ज करके आरोपित गुरजंट सिंह जंटा और उसकी मां वीर कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पहले भी नशा करने से रोकने पर झगड़ा कर चुका था आरोपित
गुरभेज सिंह शेरा की मां राजबीर कौर ने बताया कि शेरा की मोटरसाइकिल अब तक बरामद नहीं हुई है। सोमवार को दूसरे दिन भी घर पर चूल्हा नहीं जला। पति के शव को देखकर गुरविंदर कौर बार-बार बेहोश हो रही है। गुरविंदर कौर ने कहा कि क्या पता था कि दोस्त ही दोस्त का घर बर्बाद कर देगा। शेरा के भाई संदीप सिंह, निर्मल सिंह, भाभी परमजीत कौर व सिमरन कौर ने बताया कि कुछ समय पहले शेरा ने जंटा को नशा करने से मना किया था। तब जंटा ने शेरा के साथ झगड़ा किया था। बाद में घर आकर जंटा ने माफी मांग ली थी, पर क्या पता था कि वह दिल में रंजिश रख रहा था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें