युवा कांग्रेस नेताओं की हत्या के मामले में लक्खा के भाई गुरदेव समेत पांच और नामजद
युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता जगदीप सिंह उर्फ मन्ना व अनमोलदीप सिंह उर्फ मौला की हत्या करने के मामले में पुलिस ने पांच और लोगों को नामजद कर लिया है।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : 17 नवंबर की दोपहर को युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता जगदीप सिंह उर्फ मन्ना व अनमोलदीप सिंह उर्फ मौला की गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में शनिवार को पट्टी पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित लखबीर सिंह लक्खा के भाई गुरदेव सिंह देबू समेत पांच ओर लोगों को नामजद कर लिया है। लक्खा और उसके साथी विनोद कुमार गट्टू को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद काबू कर लिया था। गोलीकांड में घायल गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक के बयानों के आधार पर पुलिस ने उक्त पांच आरोपितों को नामजद करके गिरफ्तारी लिए छापामारी शुरू कर दी है।
लखबीर सिंह उर्फ लक्खा व विनोद कुमार गट्टू ने युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता जगदीप सिंह उर्फ मन्ना, अनमोलदीप सिंह उर्फ मौला निवासी गांव बुर्ज रायके को मौके पर गोलियां मारकर ढेर कर दिया था। जबकि उनके तीसरे साथी गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक निवासी गांव प्रिगड़ी को घायल कर दिया था। स्थानीय निजी अस्पताल में जेरे इलाज सेवक प्रिगड़ी को शनिवार डाक्टरों ने फिट करार दिया। जिसके बाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर लखबीर सिंह बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंचे। सेवक प्रिगड़ी ने पुलिस को बताया कि गाड़ी में सवार विनोद कुमार गट्टू व लखबीर सिंह लक्खा के अलावा पांच ओर लोग भी शामिल थे। जिनमें लक्खा का भाई गुरदेव सिंह देबू के अलावा हीरा सिंह, लव बलीम, गोपी बलीम, गुरसाहिब सिंह साबी भी शामिल था। जिसके बाद पुलिस ने उक्त पांच आरोपितों को एफआइआर में नामजद कर लिया है। गौर हो कि 17 नवंबर की शाम को 4.50 पर सरहाली रोड स्थित चुंगी के पास दोनों गुटों ने एक-दूसरे को देख लेने लिए बुलाया था। जिस दौरान स्कार्पियों गाड़ी में सवार गुरसेवक सिंह सेवक, अनमोलदीप सिंह मौला, जगदीप सिंह मन्ना सवार थे। गोलीकांड में घायल सेवक प्रिगड़ी के बयान दर्ज करके पुलिस द्वारा तफ्तीश को आगे बढ़ाया जा रहा है।