पराली को खेत में मिलाकर पा रहे फसल का अच्छा झाड़
। गांव जगतपुरा के किसान हरपाल सिंह तीन साल से पराली को खेत में ही मिलाकर खेती करते आ रहे हैं।
संसू, झब्बाल : गांव जगतपुरा के किसान हरपाल सिंह तीन साल से पराली को खेत में ही मिलाकर खेती करते आ रहे हैं। इससे उन्हें फसल का अच्छा झाड़ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने अन्य किसानों को भी पराली न जलाकर पर्यावरण संरक्षण की सलाह दी है। कृषि व किसान भलाई विभाग और आत्मा विंग ब्लाक वल्टोहा के सहयोग से बढि़या पराली प्रबंधन करने वाले हरपाल सिंह गांव में पर्यावरण प्रेमी के तौर पर जाने जाते हैं।
हरपाल सिंह ने बताया कि वह 12 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। गेहूं और धान के साथ-साथ सब्जियों की भी बिजाई करते हैं। इस वर्ष कृषि विशेषज्ञों के सहयोग से धान की सीधी बिजाई की थी। फसल का झाड़ 28 क्विंटल प्रति एकड़ मिला है। पराली प्रबंधन से खेती के खर्चे कम हुए हैं और आमदन में भी इजाफा हुआ है।
किसान हरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने सुपर एसएमएस वाली कंबाइन से धान की फसल की कटाई करवाई थी। अब सुपर सीडर मशीन से गेहूं की बिजाई कर रहा हूं। उन्होंने बताया कि तीन साल से धान की पराली को आग नहीं लगाई, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति भी बढ़ी है और फसल का अच्छा झाड़ मिल रहा है।