गांव नूरदी के अड्डे में करियाने की दुकान के तोड़े शटर
अटारी-कपूरथला मार्ग पर स्थित गांव नूरदी (किला कवि संतोख सिंह) के अड्डे में गत रात करियाने की दुकानों के शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया।
संवाद सहयोगी, तरनतारन: अटारी-कपूरथला मार्ग पर स्थित गांव नूरदी (किला कवि संतोख सिंह) के अड्डे में गत रात करियाने की दुकानों के शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया।
पवन कुमार ने बताया कि गांव नूरदी में उसकी करियाने की दो दुकानें हैं। शाम सात बजे दुकानें बंद करके घर चला गया। देर रात को अज्ञात लोगों ने शटर तोड़कर 24 कैन सरसों का तेल, साढ़े तीन किलो देसी घी, 12 किलो गगन घी, एक इलेक्ट्रोनिक कंडा और गल्ले से छह हजार की नकदी के अलावा बैटरा, इनवर्टर चोरी कर लिया। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि एएसआइ मंजीत सिंह ने मौके पर जाकर दुकानदार के ब्यान दर्ज करके अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन बार देखी गई स्कार्पियो गाड़ी
दुकानदार पवन कुमार ने बताया कि रात 1:24 बजे सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी देखी गई, जो छह मिनट बाद वापस चली गई। यही गाड़ी दोबुर्जी की ओर से दोबारा रात 1:45 बजे देखी गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी गाड़ी में सवार लोगों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने मांग की कि गाड़ी की तलाश कर उसके चालक से पूछताछ की जाए। इलाके में फैली दहशत
चोरी की वारदात से इलाके में दहशत है। लोगों ने कहा कि यहां पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस को इलाके में गश्त बढ़ानी चाहिए। लोगों की सुरक्षा यकीनी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस मुस्तैदी से काम करके तो आरोपितों का पता चल सकता है। उन्हें जल्द पकड़कर मामले का खुलासा किया जाए।