शगुन के जश्न में चलाई गोलियां, बच्चे समेत तीन घायल
सीमावर्ती गांव गंडीविंड में पांच वर्षीय मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : 'जट्ट दी शरीके विच होजे लाग डांट तां गोली चल्ली समझो' पंजाबी गायक लाभ हीरा का यह गीत रात को सीमावर्ती गांव गंडीविंड निवासी किसान सतनाम सिंह के घर में डीजे पर लगा हुआ था। इस दौरान अचानक एक-एक करके छह राउंड फायर हुए। इसके कारण पांच वर्षीय मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए।
किसान सतनाम सिंह के बेटे रंजीत सिंह राणा के शगुन के बाद जश्न मनाने के मौके पर यह घटना घटी। रंजीत सिंह राणा की शादी के लिए शगुन लगाने के बाद घर में जश्न मनाए जा रहे था। भंगड़ा डालने के लिए डीजे लगा हुआ था। शराब के दौर के साथ रंजीत सिंह राणा के दोस्त और रिश्तेदार भंगड़ा कर रहे थे। पंजाबी गायक लाभ हीरा का गीत 'जट्ट दी शरीके विच होजे लाग डांट तां गोली चल्ली समझो' चल रहा था कि हरजीत सिंह जीती नाम के युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायर शुरू किए गए। पिस्टल अचानक हाथ फिसल जाने पर गोलियों से रंजीत सिंह राणा के पांच वर्षीय भांजे जयमीन सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह निवासी गांव झंडेर के अलावा गुरमुख सिंह (29) निवासी गांव सोहल व गुरमीत सिंह निवासी गांव गंडीविंड घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सराय अमानत खां के प्रभारी बलविंदर सिंह संधू मौके पर पहुंचे। घायल बच्चे जयमीन सिंह को अमृतसर के निजी अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि गुरमुख सिंह व गुरमीत सिंह के हाथ में गोली से मामूली जख्मी हुए हैं। ड्यूटी अफसर एएसआइ सुखविंदर सिंह के ब्यानों पर आरोपित युवक हरजीत सिंह जीती पुत्र कृपाल सिंह खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी अभी बाकी है।