जोशी के करीबी शफीपुर पर भाजपा ने खेला दांव, तरनतारन से पहली बार लड़ेंगे चुनाव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को तरनतारन हलके से पूर्व मंत्री अनिल जोशी के करीबी माने जाते नवरीत सिंह शफीपुर पर दांव खेलते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया है।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को तरनतारन हलके से पूर्व मंत्री अनिल जोशी के करीबी माने जाते नवरीत सिंह शफीपुर पर दांव खेलते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया है। शफीपुर पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। सहकारी को-आपरेटिव बैंक के ब्रांच मैनेजर के पद से त्यागपत्र दिलाकर शफीपुर को अनिल जोशी भाजपा में लाए थे। इसके बाद उन्हें तरनतारन जिले का अध्यक्ष भी बनाया गया।
अमृतसर जिले के विधानसभा हलका जंडियाला गुरु में आते गांव शफीपुर निवासी किसान परिवार से संबंधित नवरीत सिंह शफीपुर को लवली पाजी के नाम से जाना जाता है। पूर्व मंत्री अनिल जोशी के करीबी नवरीत सहकारी को-आप्रेटिव बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद से त्यागपत्र देकर 2003 में भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद जोशी ने शफीपुर को भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दिलवाई। तीन वर्ष तक इस पद पर रहने वाले शफीपुर ने केंद्रीय लीडरशिप में अपनी मजबूत पैठ बना रखी थी। कृषि कानूनों के मामले में जब पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने विरोध किया तो शफीपुर ने जोशी से दूरी बनाकर भाजपा की केंद्रीय लीडरशिप से अच्छे संबंध कायम कर लिए थे। इसका उन्हें लाभ भी मिला। उन्हें भाजपा पंजाब कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त कर दिया गया था। बीबी बाठ को चेयरपर्सन बनाने का विरोध करते दिया था पद से इस्तीफा
शिअद-भाजपा गठबंधन की पूर्व सरकार के समय जब बीबी सरबजीत कौर को नगर सुधार ट्रस्ट की चेयरपर्सन लगाया गय था तो अनिल जोशी ने बतौर स्थानीय निकाय मंत्री होने के नाते बीबी बाठ का कड़ा विरोध किया था। इस कारण उनकी फाइल भी काफी समय तक रोकी रखी। केंद्रीय लीडरशिप की घुड़की के बाद जोशी ने फाइल क्लीयर कर दी। हालांकि बीबी बाठ के चेयरपर्सन बनते ही जोशी से संबंधित भाजपा के सभी नेताओं ने पार्टी के पदों से त्यागपत्र देकर बीबी बाठ का विरोध किया था। इनकी अगुआई नवरीत ही कर रहे थे। दैनिक जागरण ने 23 दिसंबर को बता दिया था दावेदारों में इनका भी नाम
पूरी तरह से किसान बेल्ट के रूप में माने जाते विस हलका तरनतारन से भाजपा के चार कदावर नेता टिकट के लिए दावेदार थे। इनमें बीबी सरबजीत कौर बाठ, नवरीत सिंह शफीपुर, जिलाध्यक्ष राम लाल हंस, जिला महामंत्री अमरजीत झब्बाल शामिल थे। दैनिक जागरण द्वारा अपनी रिपोर्ट में 23 दिसंबर को बता दिया था कि इन चारों नेताओं में से किसी एक को टिकट मिलेगी। कांग्रेस, शिअद, एसएसएम और आप मैदान में उतार चुकी है प्रत्याशी
विधानसभा हलका तरनतारन से मौजूदा विधायक डा. धर्मबीर अग्निहोत्री को कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। शिअद-बसपा गठबंधन ने पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को, संयुक्त किसान मोर्चा (एसएसएम) ने युवा चेहरे के रूप में डा. सुखमनदीप सिंह ढिल्लों को और आम आदमी पार्टी ने डा. कश्मीर सिंह सोहल को मैदान में उतारा है। इसके साथ ही अब भाजपा से नवरीत के उतरने से यहां पांच कोणीय मुकाबला होगा।