संयुक्त समाज मोर्चा से बड़े किसान नेता आ सकते है चुनावी रण में, जानें तरनतारन से कौन-कौन हैं रेस में..
विभिन्न किसान संगठनों ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त समाज मोर्चा के झंडे तले राज्य की 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : करीब एक वर्ष तक दिल्ली के बार्डर पर आंदोलन चलाने वाले विभिन्न किसान संगठनों ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त समाज मोर्चा के झंडे तले राज्य की 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। कौन सा नेता किस सीट से चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला आने वाले दिनों में होगा।
जिला तरनतारन की कुल चार विस सीटें हैं। इनमें पट्टी, खेमकरण, खडूर साहिब और तरनतारन शामिल हैं। चारों सीटों पर सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी के विधायक काबिज हैं। हलका तरनतारन की बात करें तो जम्हूरी किसान सभा के महासचिव जसपाल सिंह ढिल्लों लगातार एक वर्ष तक दिल्ली मोर्चे में सरगर्म रहे हैं। ढिल्लों 1997 के चुनाव में तरनतारन हलके से सीपीएम की ओर से चुनाव लड़ चुके हैं।
गांव जामाराय निवासी प्रगट सिंह को खडूर साहिब सीट से संयुक्त समाज मोर्चा का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। इसी तरह भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के जिला अध्यक्ष अजायब सिंह अलादीनपुर भी संयुक्त समाज मोर्चे की ओर से टिकट पर ताल ठोक सकते है। इसी तरह विस हलका खेमकरण से जम्हूरी किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह दयालपुरा को भी चुनावी रण में उतारा जा सकता है। कंवलप्रीत पन्नू बोले, मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा, संघर्ष को कामयाब बनाने वालों को भी आमंत्रण
किसान संघर्ष कमेटी (पंजाब) के अध्यक्ष कंवलप्रीत सिंह पन्नू (संयुक्त किसान मोर्चा) ने दैनिक जागरण को बताया कि संयुक्त समाज मोर्चा राज्य की 117 व जिले की चारों सीटों पर पूरे विजन के साथ प्रत्याशी देगी। पन्नू कहते हैं कि संयुक्त किसान मोर्चे को दिल्ली आंदोलन में कामयाब बनाने में जिन एनआरआइ परिवारों, युवा नेताओं, धार्मिक संस्थाओं, विद्यार्थी वर्ग, बुद्धिजीवी वर्ग, खेत मजदूरों ने मदद की, उनको भी चुनाव में कूदने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। हालांकि पन्नू कहते हैं कि मैं खुद चुनाव नहीं लड़ूंगा।