कांस्टेबल पति पर पत्नी को यातनाएं देकर घर से निकालने का आरोप
गांव शहाबाजपुर निवासी कंचनदीप कौर ने कांस्टेबल पति जगसीर सिंह निवासी गांव जंड वाला जिला फाजिल्का के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक यातनाएं देने व ससुराल घर से निकालने के आरोप लगाया है।
जासं, तरनतारन : विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव शहाबाजपुर निवासी कंचनदीप कौर ने कांस्टेबल पति जगसीर सिंह निवासी गांव जंड वाला जिला फाजिल्का के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक यातनाएं देने व ससुराल घर से निकालने के आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर डीएसपी की ओर से जांच की गई। इसकी रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को थाना सदर में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव शहाबाजपुर निवासी पावरकाम के कर्मी राजबीर सिंह ने अपनी बेटी कंचनदीप कौर (एएनएम नर्सिग) का विवाह 19 फरवरी 2017 को जिला फाजिल्का के गांव जंड वाला (भीमेशाह) निवासी रेशम सिंह के बेटे जगसीर से किया था। जगसीर विवाह से पहले सेना में तैनात था और बाद में वह पंजाब पुलिस में कांस्टेबल भर्ती हो गया। कंचनदीप ने आरोप लगाते हुए कहा कि विवाह के मौके उसके स्वजनों ने हैसियत से बढ़कर दहेज दिया। परंतु दहेज की और मांग को लेकर जगसीर ने अपने स्वजनों के इशारे पर उसे शारीरिक और मानसिक यातनाएं देनी शुरू कर दीं। उनके तीन वर्षीय बेटे गुरसिदक सिंह से भी मारपीट की जाने लगी। यही नहीं कंचनदीप ने आरोप लगाया कि अपने बच्चे की खातिर घर बसाने के लिए वह पति के साथ किराये के मकान पर रहने लगी। परंतु पति जगसीर ने वहां कमरे को ताला लगा दिया। उसे 31 जनवरी 2021 को मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया गया। तब उसने पुलिस को शिकायत दी। इसकी जांच तत्कालीन डीएसपी लखविदर सिंह (अंगेस्ट क्राइम वूमेन एंड चाइल्ड) ने की। करीब आठ माह बाद शनिवार को सब इंस्पेक्टर केवल सिंह ने जगसीर के खिलाफ थाना सदर में एफआइआर दर्ज की है। आरोपित की गिरफ्तारी अभी बाकी है।