भाकियू डंकोदा द्वारा टायर विक्रेता के खिलाफ धरना प्रदर्शन
संगरूर भारतीय किसान यूनियन डकोंदा द्वारा ब्लॉक प्रधान जगराज सिंह की अगुआई में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, संगरूर : भारतीय किसान यूनियन डकौंदा द्वारा ब्लॉक प्रधान जगराज सिंह की अगुआई में शहर की एक टायर हाउस के समक्ष टायर के मामले को लेकर धरना लगाया। धरने में किसानों ने टायर विक्रेता के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बरनाला के गांव मांगेवाल निवासी सुखपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने पिछले गेहूं के सीजन में भिडरा निवासी गुरमुख से कंबाइन खरीदी थी। कंबाइन के एक कंपनी के दो टायर नए ही थे। गुरमुख सिंह के पास नए लिए टायरों के बिल भी हैं। वह कंबाइन को लेकर हरियाणा सीजन लगाने चले गए। वहां काम करते हुए एक दिन कंबाइन का नया टायर फट गया। जब उन्होंने गुरमुख सिंह और टायर विक्रेता से संपर्क किया तो उन्होंने टायर तो ले लिया। मगर बाद में उन्हें कहने लगे टायर रिम की खस्ता हालत के कारण फटा है। इसलिए फटे टायर का कोई हल नहीं होगा। इसके रोष स्वरूप आज धरना लगाया गया है। इस मौके पर गुरमुख सिंह, भाग सिंह, जंग सिंह, आत्मा सिंह, जग्गा सिंह साफिया, भोला सिंह व बलवीर सिंह उपस्थित थे।
टायर दुकान के मालिक पवन कुमार ने बताया कि टायर रिम की खस्ता हालत के कारण फटा था। कंपनी ने फटे टायर की बदली करने से मना कर दिया। फिर भी उन्होंने किसान सुखपाल सिंह की आर्थिक दशा कमजोर होने के कारण, एसएचओ गुरतेज सिंह व पड़ोसी दुकानदारों के कहने पर सुखपाल सिंह को नया टायर दे दिया है।